---Advertisement---

चाईबासा में भीषण सड़क हादसा, ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार 4 युवकों की मौत

On: January 27, 2026 4:56 PM
---Advertisement---

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले में सोमवार तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा कराईकेला थाना क्षेत्र में उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सवार युवकों ने एक ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल की रफ्तार काफी तेज थी। ट्रक से आगे निकलने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार चारों युवक सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।


हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान चाईबासा सदर निवासी आकाश कुदादा (19), जमशेदपुर के सुंदरनगर निवासी अर्जुन टुड्डू (22), सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई निवासी आकाश गोपे (19) और रवि बिरुली (20) के रूप में की गई है। सभी युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे, जो अपने आप में लापरवाही का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है।


घटना की सूचना मिलते ही कराईकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक को बांदगांव के पास से जब्त कर लिया है।


एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक की कोई स्पष्ट गलती सामने नहीं आई है। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि तेज गति से आ रही मोटरसाइकिल ट्रक से टकराई, जिससे यह हादसा हुआ। वहीं, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हादसे के वक्त युवक नशे की हालत में तो नहीं थे।


फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं इलाके में शोक का माहौल है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now