लातेहार: झारखंड के लातेहार जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। शनिवार को हेरहंज थाना क्षेत्र के बरवाटोली के पास बालूमाथ-पांकी स्टेट हाईवे-10 पर शनिवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन युवकों की जान चली गई, जबकि एक महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान तासु गांव निवासी मन्नू भुईया (20), गुलाब भुईया (22) और सरधाबार गांव के मोहन गंझू (22) के रूप में हुई है।
घटना में घायल होने वालों में विकास भुईया, रंजीत भुईया, कमलेश गंझू और उनकी पत्नी शांति देवी शामिल हैं। सभी घायलों को बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद रंजीत को छोड़कर बाकी घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर सवार चार लोग नवादा से हेरहंज की ओर जा रहे थे, जबकि दूसरी बाइक पर महिला सहित तीन लोग हेरहंज से नवादा की तरफ आ रहे थे। बरवाटोली के पास दोनों बाइकों की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि मोहन गंझू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मन्नू भुईया और गुलाब भुईया ने बालूमाथ स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
सूचना मिलने पर बालूमाथ थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।














