पटना: बिहार की राजधानी पटना से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। रविवार तड़के पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रक ने यात्रियों से भरे ऑटो को टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में मौके पर ही छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मृतकों में दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं, जिससे पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा देर रात करीब दो बजे कोईलवर पुल के पास लेखनटोला इलाके में हुआ। बताया जा रहा है कि भोजपुर जिले के आरा निवासी सभी लोग मनेर दरगाह में उर्स में शिरकत करने के बाद ऑटो से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रॉन्ग साइड से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयावह थी कि ऑटो का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के बाद ऑटो में सवार यात्री उछलकर सड़क पर दूर-दूर तक जा गिरे। घटनास्थल पर करीब 50 मीटर के दायरे में शव बिखरे मिले। सड़क पर खून के धब्बे, कपड़े, चप्पल और अन्य सामान फैले पड़े थे, जो हादसे की भयावहता को बयां कर रहे थे।
इस दर्दनाक हादसे में आरा के मिल्की मोहल्ला निवासी गुड्डू (33 वर्ष), इम्तियाज (30 वर्ष), कायमनगर निवासी असद खान (25 वर्ष), मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दौलतपुर निवासी शहजाद (22 वर्ष) और उनके दो मासूम बच्चे शफान (3 वर्ष) व अल्फी (डेढ़ वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही बिहटा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं हादसे में घायल दो लोगों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है, जो हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।














