सिल्ली : रांची, पुरुलिया मुख्य सड़क पर सोमवार को बुढ़ाम के रघुनाथ चौक के समीप दोपहर लगभग 3 बजे हाईबा वाहन के चपेट में आने से मोटरसाइकिल पर सवार तीन नवयुवक घायल हो गए। जिसमें तुलिन निवासी अंशुमन साहू (16),पिता कन्हाई साहू की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। जबकि मोटरसाइकिल पर सवार झालदा ब्रजोपुर निवासी मनोज मुंडा एवं झारखंड मोड़ सिल्ली निवासी चंदन महतो (17) मामूली रूप से घायल हो गए।घायल मनोज मुंडा ने बताया कि घटना सिल्ली से कीता जाने के क्रम में घटी। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की दादी ने बताया कि वह मुरी के एक निजी विद्यालय में कक्षा दसवीं का छात्र था और इसी वर्ष आगामी मैट्रिक परीक्षा में शामिल होने वाला था।अंशुमन घर से विद्यालय जाने की बात कह कर निकला था और आगे कहा कि अंशुमन के माता-पिता जमशेदपुर के गम्हरिया के आसपास रहते हैं और वहीं प्राइवेट नौकरी करते हैं। हादसे के बाद हाईबा वाहन चालक मौके से फरार हो गया।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिल्ली लाया गया,जहां चिकित्सकों ने अंशुमान साहू को मृत घोषित कर दिया। सिल्ली पुलिस शव को कब्जे में लेकर थाना परिसर में रखा जिसे मंगलवार को पोस्टमार्टम हेतु रांची रिम्स भेजा जाएगा।
रांची–पुरुलिया रोड पर भीषण सड़क हादसा, 16 वर्षीय छात्र की मौत, एक घायल









