चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के घने सारंडा जंगल में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान शनिवार को आईईडी विस्फोट की घटना सामने आई। छोटा नागरा थाना क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चला रहे सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर नक्सलियों ने विस्फोट किया, जिसमें कोबरा बटालियन के दो जवान घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों की टीम जंगल के अंदर गहन तलाशी अभियान चला रही थी। इसी दौरान पहले से प्लांट किए गए आईईडी में विस्फोट हो गया। धमाका होते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि साथ चल रहे अन्य जवानों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
घायल जवानों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। बाद में उनकी स्थिति को देखते हुए हेलिकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर रांची भेजा गया, जहां उन्हें बेहतर इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों जवानों की हालत फिलहाल स्थिर है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।
घटना के बाद पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया गया है। जंगल के भीतर अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है और संदिग्ध ठिकानों की तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा बलों को आशंका है कि नक्सलियों ने सुरक्षाबलों की गतिविधियों को देखते हुए पहले से ही आईईडी प्लांट कर रखा था।
सारंडा का इलाका लंबे समय से नक्सल गतिविधियों के लिए संवेदनशील माना जाता रहा है। ऐसे में सुरक्षा बल लगातार अभियान चलाकर जंगल क्षेत्र में नक्सल नेटवर्क को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि अभियान जारी रहेगा और इलाके में शांति व सुरक्षा बहाल करने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।














