चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के नक्सल प्रभावित सारंडा क्षेत्र से एक बार फिर आईईडी विस्फोट की घटना सामने आई है। नक्सलियों द्वारा लगाए गए एक आईईडी विस्फोटक की चपेट में आने से दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार, तिरीलपोसी गांव के कुछ ग्रामीण रोजमर्रा की जरूरतों के लिए जंगल में लकड़ी और पत्ते इकट्ठा करने गए थे। इसी दौरान जंगल के भीतर पहले से बिछाए गए आईईडी में अचानक विस्फोट हो गया। विस्फोट की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास मौजूद ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा बल पूरी तरह सतर्क हैं। घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है।
घटना के बाद सुरक्षा बलों द्वारा तिरीलपोसी और आसपास के जंगल क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से आईईडी लगाया था, जिसकी चपेट में निर्दोष ग्रामीण आ गए।














