हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में शनिवार रात अपराधियों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला दी। हथियारबंद अज्ञात बदमाशों ने होरम–हरली पथ पर मोड़कट्टी चौराहे के पास छर्री (स्टोन चिप्स) लदे एक हाइवा वाहन को रोककर उसमें आग लगा दी। देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगा और कुछ ही देर में पूरी तरह खाक हो गया।
सुनियोजित तरीके से वारदात
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना देर शाम की है जब कुछ अपराधी हथियारों के साथ मोड़कट्टी चौराहे के आसपास पहुंचे। इसी दौरान उस रास्ते से छर्री लदा एक हाईवा गुजर रहा था। बदमाशों ने वाहन को जबरन रुकवाया और चालक को धमकाते हुए तुरंत नीचे उतरने के लिए मजबूर किया।
चालक के उतरते ही अपराधियों ने वाहन पर पेट्रोल छिड़क दिया और आग लगा दी। आग लगते ही हाइवा में तेजी से लपटें उठने लगीं और कुछ ही मिनटों में पूरा वाहन आग की चपेट में आ गया।
पूरी तरह जलकर खाक हुआ वाहन
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग इतनी तेज थी कि लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही वाहन का अधिकांश हिस्सा जलकर नष्ट हो गया। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और अग्निशमन विभाग को जानकारी दी। सूचना के बाद पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश की। हालांकि तब तक हाईवा पूरी तरह जल चुका था।
अपराधियों की तलाश में छापेमारी
घटना के बाद पुलिस ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। आसपास के गांवों और चौराहों पर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। साथ ही पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर अपराधियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे किसका हाथ है और इसका कारण क्या है, इसकी जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।














