लातेहार: झारखंड के लातेहार जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नेतरहाट थाना क्षेत्र के अरहांस गांव में ठेकेदारी को लेकर चल रहे आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। तीन दोस्तों ने मिलकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान संजू कुजूर (35 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गूरूवार को आरोपियों ने संजू कुजूर के साथ जमकर मारपीट की थी। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद संजू किसी तरह सीएचसी नेतरहाट पहुंचा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे दवा देकर घर भेज दिया गया।
घर लौटने के बाद देर रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन जब तक कुछ समझ पाते, तब तक संजू की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने नेतरहाट थाना को इसकी जानकारी दी।
सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
परिजनों का आरोप है कि यह पहली बार नहीं था। इससे पहले भी आरोपियों द्वारा संजू कुजूर के साथ कई बार मारपीट की जा चुकी थी, लेकिन हर बार वह आपसी समझौते के कारण लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराता था। इसी का फायदा उठाकर आरोपियों ने इस बार जानलेवा हमला कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गांव में ठेके को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में आरोपियों ने संजू कुजूर को निशाना बनाया और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी जान चली गई।
इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मथुरा बजिया (25 वर्ष), विवेक लकड़ा (18 वर्ष) और एक नाबालिग (16 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, जबकि अन्य आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
नेतरहाट थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। हत्या में प्रयुक्त किसी भी वस्तु की बरामदगी और अन्य पहलुओं की जांच जारी है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने प्रशासन से आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।














