---Advertisement---

खूंटी:किराना दुकान में अंधाधुंध फायरिंग,बाप की मौत, बेटा घायल, मचा हड़कंप

On: March 7, 2026 9:50 AM
---Advertisement---

खूंटी : कर्रा थाना क्षेत्र के तिमड़ा गांव में किराना दुकान में अंधाधुंध फायरिंग की खबर आ रही है। इस फायरिंग की घटना में बाप की मौत हो गई। बेटा घायल बताए जा रहा है। घटना से दहशत का माहौल कायम है।घटना की सूचना मिलते ही तोरपा एसडीपीओ ख्रिस्टोफर केरकेट्टा, तोरपा इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान करने की कोशिश में जुटी हुई है।

बताया जा रहा है कि हथियारबंद अपराधी दुकान में घुस गए और ताबड़तोड़ फायरिंग की जिसमें 55 वर्षीय सुकरा महतो की मौत हो गई जबकि 19 वर्ष का बेटा अर्जुन महतो घायल बताया जा रहा है।

परिजनों के मुताबिक सुकरा महतो का परिवार घर के बाहर ही किराना दुकान चलाता है। शुक्रवार रात सभी लोग दुकान पर बैठे हुए थे। तभी अचानक दो हथियारबंद बदमाश वहां पहुंच गए। बताया जा रहा है कि आते ही अपराधियों ने सुकरा महतो के सबसे छोटे बेटे अर्जुन महतो को निशाना बनाकर गोली चला दी। अर्जुन ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन गोली उसके दाहिने हाथ में लग गई।
बेटे को घायल देखकर परिवार के लोग घबरा गए और वहां अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान अपराधियों ने कुर्सी पर बैठे सुकरा महतो को निशाना बनाते हुए उनके सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए।

घटना के तुरंत बाद परिवार के लोग और ग्रामीण दोनों को लेकर कर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सुकरा महतो को मृत घोषित कर दिया। वहीं अर्जुन महतो की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया।

जमीन विवाद को लेकर हत्या की आशंका
मृतक के बड़े बेटे नारायण महतो ने बताया कि उनका परिवार वर्ष 2013 से अपने ससुराल तिमड़ा गांव में रह रहा है। उनके ससुर ने अपनी जमीन बेटी और दामाद के नाम कर दी थी। इसी जमीन को लेकर गोतिया के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिजनों का मानना है कि इसी जमीन विवाद के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया है। उनका कहना है कि अपराधियों का इरादा पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाने का था, लेकिन लोग किसी तरह भागकर बच गए।

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।

Join WhatsApp

Join Now