मुजफ्फरपुर:बिहार में आए दिन पुलिस टीम पर हमले की खबरें आती रहती है इसी कड़ी में फिर एक बार पुलिस टीम पर हमले की खबर आ रही है। मामला मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र के भिखनपुर गांव का बताया जा रहा है जहां फरार वारंटी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने लाठी डंडों और मुक्कों से हमला कर दिया। इस हमले में दरोगा गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अहियापुर पुलिस संजय कुमार नाम के आरोपी के खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट की तामील करने बीते रविवार को उसके घर पहुंची थी। पुलिस ने संजय कुमार को हिरासत में ले भी लिया था। लेकिन जैसे ही पुलिस उसे लेकर निकलने लगी, परिवार के लोग आक्रोशित हो गए। पहले तीखी बहस हुई, फिर गाली-गलौज शुरू हो गई। देखते ही देखते करीब डेढ़ दर्जन लोग जमा हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
लाठी-डंडों से हमला, दारोगा को लगी चोट
आरोप है कि परिवार के कुछ लोग लाठी-डंडा लेकर पुलिस टीम पर टूट पड़े। इस दौरान सब इंस्पेक्टर संदीप कुमार को निशाना बनाया गया। उनके साथ हाथापाई की गई और मुक्कों से हमला किया गया। हमले में उनकी दाहिनी आंख और होंठ पर गंभीर चोटें आईं। बाकी पुलिसकर्मी भी कुछ देर के लिए घिर गए थे। हालात ऐसे बन गए कि पुलिस को खुद की सुरक्षा की चिंता करनी पड़ी।
किसी तरह निकली पुलिस टीम, एक आरोपी गिरफ्तार
स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मी किसी तरह वहां से निकलने में सफल रहे। हालांकि इस दौरान पुलिस ने वारंटी के बेटे सुधांशु कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसे थाने लाकर पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
आठ नामजद समेत 18 पर केस दर्ज
अहियापुर थानेदार रोहन कुमार ने मीडिया को बताया कि स्थानीय चौकीदार के बयान पर आठ नामजद और दस अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिस हिरासत से आरोपी को छुड़ाने की कोशिश करने और पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने जैसी गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।
फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी
पुलिस का कहना है कि मुख्य वारंटी और हमले में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गांव में स्थिति पर नजर रखी जा रही है ताकि दोबारा कोई तनाव न पैदा हो। फिलहाल घायल दारोगा का इलाज कराया जा रहा है और पूरे मामले की जांच जारी है।











