कठुआ: जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के बिलावर इलाके में सुरक्षा बलों को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। यहां सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस के संयुक्त अभियान में एक पाकिस्तानी आतंकवादी को मार गिराया गया है। मारे गए आतंकी की पहचान जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े उस्मान के रूप में हुई है। इस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि जम्मू-कश्मीर पुलिस ने की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बिलावर क्षेत्र में आतंकियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने सर्च और कॉर्डन ऑपरेशन शुरू किया था। तलाशी अभियान के दौरान आतंकियों ने अचानक सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिससे दोनों ओर से भीषण गोलीबारी हुई।
मुठभेड़ के दौरान एक आतंकी को मार गिराया गया, जबकि अन्य आतंकियों की तलाश में ऑपरेशन अभी भी जारी है। मारे गए आतंकी के पास से अमेरिकी M4 राइफल बरामद की गई है।
जम्मू जोन के आईजीपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस की एक छोटी टीम ने सेना और सीआरपीएफ के साथ मिलकर इस संयुक्त अभियान को अंजाम दिया और पाकिस्तानी जैश आतंकवादी उस्मान को ढेर किया गया।
सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि इलाके में अन्य आतंकी भी छिपे हो सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए आसपास के जंगलों और रिहायशी क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई है और आने-जाने वाले रास्तों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। पुलिस, सेना और अन्य खुफिया एजेंसियां इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही हैं। फिलहाल ऑपरेशन जारी है और सुरक्षा बल हर संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं।














