जमशेदपुर : आगामी त्योहारों और अपराध नियंत्रण के लिए जिला पुलिस कप्तान ने अपने कक्ष में सिटी एसपी और शहरी डीएसपी व थानेदारों के साथ मासिक अपराध गोष्ठी में आवश्यक टिप्स और दिशा निर्देश दिये।
इस मौके पर उन्होंने क्राइम कंट्रोल और कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों, लंबित कांडों के निष्पादन, वारंट और कुर्की की कार्रवाई को तेज करने का निर्देश दिया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक ने फरार अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा पुराने मामलों को जल्द निष्पादित करने पर जोर दिया। शहर में बढ़ रही चेन, मोबाइल और पर्स छिनतई की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए गश्त बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया।बैठक में बच्चा चोरी की अफवाहों को लेकर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि लोगों के बीच जागरूकता फैलाकर ऐसी अफवाहों पर रोक लगाई जाए। साथ ही पासपोर्ट सत्यापन के लंबित मामलों का जल्द निपटारा करने का निर्देश दिया गया।इसके अलावा शहर में सक्रिय ड्रग्स पेडलरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया। आगामी ईद और रामनवमी पर्व को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और शांति व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया।








