खुफिया एजेंसियों ने चेतावनी जारी की
जमशेदपुर: शहर में आतंकी खतरे की खुफिया एजेंसियों ने गंभीर चेतावनी जारी होने की खबर है।ऐसी खबर मिलते ही राज्य सरकार और पुलिस विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। सरकार ने जिले के एसएसपी पीयूष पांडेय समेत सभी आला पुलिस अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। साथ ही शहर के हर महत्वपूर्ण इलाके पर नजर रखने को कहा गया है।जिला प्रशासन ने कहा है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। सभी सुरक्षा एजेंसियां आपसी तालमेल के साथ काम कर रही हैं। किसी भी खतरे से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है। लोगों से शांति बनाए रखने और सामान्य जीवन जीने की अपील की गई है। अफवाहों पर ध्यान न देने को कहा गया है।
सूत्रों के अनुसार खुफिया अलर्ट के बाद जमशेदपुर के रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजार, मॉल, औद्योगिक क्षेत्र, स्कूल, अस्पताल और धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी रखी जा रही है। सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी भीड़भाड़ वाले इलाकों में तैनात किए गए हैं।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, बैग, वाहन या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि लोगों की सतर्कता से ही किसी भी बड़ी घटना को रोका जा सकता है।
अफवाहों से बचने की सलाह
प्रशासन ने लोगों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। किसी भी अपुष्ट खबर को आगे न बढ़ाने की सलाह दी गई है। केवल सरकारी और विश्वसनीय स्रोतों पर ही भरोसा करने को कहा गया है।










