डीसी ने दिया समाधान का आश्वासन
जमशेदपुर: मानगो नगर निगम चुनाव में जाति प्रमाण पत्र को लेकर मौजूदा हालात में उत्पन्न समस्या के समाधान के लिए जनता दल यूनाइटेड का एक प्रतिनिधि मंडल जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव के नेतृत्व में डीसी से मिला।

उन्हें ज्ञापन सौंपते हुए वस्तु स्थिति से अवगत कराते हुए समस्या के समाधान की मांग की।

जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को अवगत कराया कि मानगो नगर निगम क्षेत्र में कुल 36 वार्ड हैं, जिनमें 17 वार्ड अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित हैं।

वर्तमान में अंचल कार्यालयों में जाति प्रमाण पत्र निर्गत करने के लिए वर्ष 1978 के खतियान की अनिवार्यता के कारण बड़ी संख्या में योग्य नागरिक और संभावित उम्मीदवार प्रमाण पत्र बनवाने में असमर्थ हैं।

जदयू ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई, तो कई योग्य उम्मीदवार चुनाव नहीं लड़ पाएंगे और आरक्षित वार्ड रिक्त रह सकते हैं।

प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि जाति प्रमाण पत्र से संबंधित समस्याओं और मांगों को राज्य सरकार के समक्ष रखा जाएगा, ताकि समयबद्ध और उचित समाधान निकाला जा सके।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जनता दल (यूनाइटेड) के अजय कुमार, विकास साहनी, आकाश शाह, विनोद सिंह, संजीव सिंह, राजेश प्रसाद, विकास रजक, प्रवीण सिंह, लालू गौड़, मुस्ताक अहमद, मनोज गुप्ता और नीरज साहू सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि प्रशासन द्वारा शीघ्र कदम उठाए जाने से नगर निगम चुनाव में निष्पक्ष और लोकतांत्रिक प्रक्रिया सुनिश्चित होगी।










