झारखंड वार्ता संवाददाता
पलामू: जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात हुई बड़ी चोरी की वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। अज्ञात चोरों ने महावीर मंदिर के समीप स्थित तीन प्रतिष्ठानों शुभम ज्वेलरी, न्यू इंद्रावती ज्वेलरी और एक बर्तन दुकान को निशाना बनाते हुए करीब 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और 51 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।
घटना के बाद मंगलवार को नौडीहा बाजार पूरी तरह बंद रहा। आक्रोशित व्यापारियों और ग्रामीणों ने डुमरिया–छतरपुर मुख्य मार्ग को करीब तीन घंटे तक जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सड़क जाम के कारण राहगीरों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
रात 1:50 बजे संदिग्ध हरकत, पुलिस बनकर गुमराह करने की कोशिश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब 1:50 बजे दुकानों के पास रहने वाले अमूल गुप्ता ने संदिग्ध आवाज सुनी। बाहर निकलने पर उन्होंने एक व्यक्ति को देखा, जिसने खुद को पुलिसकर्मी बताया। इसी दौरान दुकान के अंदर से एक अन्य व्यक्ति निकलकर भागता हुआ नजर आया। जब शोर मचाया गया, तो चोर ठाकुरबारी गली की ओर फरार हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सुबह खुला चोरी का राज, दुकानें मिलीं अस्त-व्यस्त
सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानों पर पहुंचे, तो देखा कि शटर के ताले टूटे हुए थे और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था।
शुभम ज्वेलरी के संचालक शुभम कुमार सोनी ने बताया कि उनकी दुकान से करीब चार किलो चांदी, 80 ग्राम सोना और 36 हजार रुपये नकद चोरी हो गए, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपये है।
वहीं न्यू इंद्रावती ज्वेलरी के मालिक संजय कुमार सोनी ने बताया कि उनकी दुकान से तीन किलो चांदी, 80 ग्राम सोना और 15 हजार रुपये नकद सहित करीब 10 लाख रुपये मूल्य का सामान चोरी हुआ है।
लगातार हो रही चोरी, पुलिस गश्ती पर उठे सवाल
घटना के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। व्यापारियों और ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन कमजोर पुलिस गश्ती के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने मांग की कि जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार किया जाए और बाजार क्षेत्र में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की जाए।
सूचना मिलने पर पुलिस इंस्पेक्टर द्वारिका राम और थाना प्रभारी अमित कुमार द्विवेदी मौके पर पहुंचे और लोगों को कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद सड़क जाम हटाया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित दुकानदारों के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है। चोरों की तलाश के लिए फिंगरप्रिंट टीम और खोजी कुत्तों की मदद ली जा रही है। पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।














