रांची: झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले कुछ दिनों में राज्य के कई हिस्सों में आंशिक बादल, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है।
बुधवार और गुरुवार को राजधानी रांची सहित कोल्हान प्रमंडल के सभी जिलों- पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां के अलावा रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो और हजारीबाग में आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है। इस दौरान मौसम सामान्य से थोड़ा बदला हुआ नजर आएगा।
मौसम विभाग ने 27 और 28 मार्च को लेकर विशेष चेतावनी जारी की है। इन दो दिनों में राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है। कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। उत्तर-पूर्वी हिस्सों को छोड़कर बाकी जिलों में इस सिस्टम का प्रभाव अधिक देखने को मिल सकता है।
29 मार्च को मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है, हालांकि यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं रहेगी। 30 मार्च को एक बार फिर बादल छाने के साथ गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। खराब मौसम को देखते हुए कई जिलों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
इधर, मंगलवार को भी राज्य के कई हिस्सों में मौसम बदला हुआ रहा। रांची, पलामू, बोकारो, धनबाद, रामगढ़, खूंटी और सिमडेगा में बादल छाए रहे, जबकि कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई।
तापमान की बात करें तो मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तापमान में गिरावट आने के आसार हैं। रांची में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में करीब 1 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है। राज्य में सबसे अधिक तापमान सरायकेला में 35.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अन्य जिलों में भी अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री तक बढ़ोतरी देखी गई।
मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने और वज्रपात के समय सुरक्षित जगहों पर रहने की अपील की गई है।











