लातेहार: नशे के खिलाफ चल रहे हैं अभियान में लातेहार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एन एच 39 पर खड़ी ट्रक में भूसे के ढेर में छुपा कर रखा गया 2 करोड़ का गांजा जप्त करने में सफलता मिली है। जबकि तस्कर फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ड्राइवर और ट्रक मालिक का पता लगाकर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने में लग गईहै।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तस्करों ने धान के भूसे के नीचे करीब 190 पैकेट गांजा छिपा रखा था ताकि किसी को शक न हो, लेकिन पुलिस ने इस चाल को नाकाम कर दिया. पुलिस को सूचना मिली थी कि एनएच-39 पर ‘यम्मी होटल’ के पास एक संदिग्ध ट्रक खड़ा है. सूचना मिलते ही एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर अंचल पदाधिकारी नंदकुमार राम और एसआई राहुल सिन्हा के नेतृत्व में टीम गठित की गई.
तलाशी में खुला पूरा खेल
जब पुलिस मौके पर पहुंची तो ट्रक सामान्य माल ढोने वाला लगा. लेकिन गहन जांच के दौरान भूसे की परतों के नीचे छिपाए गए गांजे के पैकेट मिले. कुल 190 पैकेट बरामद किए गए, जिनकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब दो करोड़ रुपए आंकी गई है.
ट्रक छोड़कर फरार हुए तस्कर
छापेमारी के समय ट्रक के पास कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था. इससे अंदेशा है कि पुलिस की भनक लगते ही तस्कर वाहन छोड़कर भाग निकले. पुलिस ने यूपी नंबर (UP 26 T 7820) वाले ट्रक को जब्त कर लिया है. एसपी के अनुसार यह मामला किसी बड़े अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है. पुलिस अब ट्रक के मालिक और चालक की पहचान करने में जुटी है.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था. पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए जांच तेज कर दी गई है.










