---Advertisement---

लातेहार: एसएसबी के प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन, प्रतिभागियों को मिले प्रमाण पत्र

On: January 29, 2026 9:29 PM
---Advertisement---

निरंजन प्रसाद


लातेहार: भारत सरकार के गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार नक्सल प्रभावित एवं सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत गरीब, जरूरतमंद एवं पिछड़े वर्ग के नागरिकों को आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) द्वारा नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है।
इसी क्रम में 32वीं वाहिनी एसएसबी, लातेहार द्वारा 25 दिवसीय बेसिक कंप्यूटर कोर्स एवं 20 दिवसीय इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक वर्क प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।


कमांडेंट श्री राजेश सिंह के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में बी समवाय लातेहार क्षेत्र में 32 युवक-युवतियों के लिए 25 दिवसीय बेसिक कंप्यूटर कोर्स का आयोजन 30 दिसंबर 2025 से 27 जनवरी 2026 तक किया गया। वहीं, 28 जरूरतमंद युवाओं के लिए 20 दिवसीय इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक वर्क प्रशिक्षण कार्यक्रम 8 जनवरी से 28 जनवरी 2026 तक संचालित किया गया।


इन दोनों प्रशिक्षण कार्यक्रमों का औपचारिक समापन गुरुवार, 29 जनवरी 2026 को कमांडेंट श्री राजेश सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार श्री अजय कुमार रजक एवं धनकारा पंचायत की मुखिया श्रीमती ललिता देवी की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मीडिया प्रतिनिधि, ग्रामीणजन तथा एसएसबी के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रशिक्षण कार्यक्रमों की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण युवक-युवतियों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं रोजगारोन्मुखी बताया।


इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों से लातेहार प्रखंड के बाजकुम, डुड़वा, नवागढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों के कुल 60 युवक-युवतियां लाभान्वित हुए। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों को बेसिक कंप्यूटर तथा इलेक्ट्रिकल-इलेक्ट्रॉनिक कार्यों से संबंधित तकनीकी एवं व्यावहारिक ज्ञान प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं रोजगार के योग्य बनाना था। विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा सैद्धांतिक एवं प्रायोगिक दोनों स्तरों पर समग्र प्रशिक्षण दिया गया।


समारोह के दौरान सभी सफल प्रतिभागियों को कमांडेंट श्री राजेश सिंह एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
अपने संबोधन में कमांडेंट श्री राजेश सिंह ने कहा कि एसएसबी नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक विकास के लिए निरंतर जनकल्याणकारी गतिविधियां संचालित कर रहा है। उन्होंने बताया कि बल द्वारा कौशल विकास एवं रोजगार प्रशिक्षण, उन्नत कृषि तकनीक, महिला सशक्तिकरण, मानव एवं पशु चिकित्सा शिविरों के साथ-साथ बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, नशामुक्त भारत अभियान, एक भारत श्रेष्ठ भारत, सुकन्या समृद्धि योजना तथा वृक्षारोपण जैसे अभियानों के प्रति भी जागरूकता फैलाई जा रही है।


उन्होंने कहा कि वामपंथ प्रभावित क्षेत्रों में बेरोजगारी एक गंभीर चुनौती है। इसे ध्यान में रखते हुए भारत सरकार नागरिक कल्याण कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now