---Advertisement---

जुओं का संक्रमण बना जानलेवा, 12 साल की बच्ची की इलाज के दौरान मौत

On: February 10, 2026 11:07 AM
---Advertisement---

पुरी: ओडिशा के पुरी जिले के बालंगा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली समझी जाने वाली जुओं की समस्या ने एक 12 वर्षीय बच्ची की जान ले ली। चंपागड़ा साही गांव की रहने वाली कक्षा-छह की छात्रा लक्ष्मी प्रिया साहू की सिर में फैले गंभीर संक्रमण के कारण इलाज के दौरान मौत हो गई।

मृत बच्ची की पहचान लक्ष्मी प्रिया साहू के रूप में हुई है। वह लिंगराज साहू की बेटी थी और स्थानीय विद्यालय में पढ़ाई कर रही थी। परिजनों के मुताबिक लक्ष्मी पिछले कई महीनों से सिर में जुओं की समस्या से जूझ रही थी, लेकिन समय रहते इसका समुचित इलाज नहीं कराया गया।

बताया जा रहा है कि जुओं के लगातार बढ़ते संक्रमण से लक्ष्मी की खोपड़ी बुरी तरह प्रभावित हो गई थी। सिर में घाव और संक्रमण इतना गंभीर हो गया कि उसमें से दुर्गंध आने लगी। इसी कारण बच्ची ने सामाजिक शर्म के चलते घर से बाहर निकलना तक बंद कर दिया था।

परिजनों ने बताया कि लक्ष्मी की मां ने उसे सिर मुंडवाने की सलाह दी थी, ताकि जुओं से छुटकारा मिल सके, लेकिन बच्ची ने इनकार कर दिया। समय के साथ संक्रमण गहराता गया और उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। घने बालों के कारण संक्रमण की गंभीरता का समय रहते अंदाजा नहीं लगाया जा सका।

तीन दिन पहले लक्ष्मी की तबीयत अचानक और ज्यादा खराब हो गई। उसे खून की उल्टियां होने लगीं, जिससे परिजन घबरा गए। आनन-फानन में उसे पुरी जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने गंभीर संक्रमण को देखते हुए इलाज शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान ही बच्ची ने दम तोड़ दिया। प्रशासन ने इस मामले में विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।

इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों और सामाजिक स्वयंसेवकों ने इसे माता-पिता और स्वास्थ्य जागरूकता की गंभीर कमी का परिणाम बताया है। उनका कहना है कि यदि समय रहते चिकित्सकीय सलाह ली जाती, तो बच्ची की जान बचाई जा सकती थी।

स्वयंसेवकों ने प्रशासन से मांग की है कि ग्रामीण इलाकों में स्वच्छता, बाल स्वास्थ्य और सामान्य संक्रमणों को लेकर जागरूकता अभियान चलाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now