रायपुर: छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में गुरुवार को एक भीषण औद्योगिक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। बकुलाही स्थित रियल इस्पात प्लांट में डीएससी कोयला भट्ठे में अचानक हुए विस्फोट से 7 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त मजदूर कोयला भट्ठे के आसपास सफाई का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हुआ, जिसकी चपेट में आने से मजदूर गर्म कोयले और आग की लपटों में झुलस गए। विस्फोट इतना तेज था कि मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
आसमान में उठा काले धुएं का गुबार
धमाके के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट के साथ ही कई मीटर ऊंचाई तक काले धुएं का गुबार उठता देखा गया। आसपास की इमारतों की दीवारें काली पड़ गईं और पूरे परिसर में राख व जला हुआ कोयला बिखर गया। हादसे की भयावहता को देखते हुए स्थानीय लोगों में भी दहशत फैल गई।
दमकल और पुलिस मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
वहीं, निपनिया चौकी और भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
विस्फोट के कारणों की जांच जारी
फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन की टीम प्लांट प्रबंधन से पूछताछ कर रही है और तकनीकी जांच भी कराई जा रही है। शुरुआती तौर पर सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
प्रशासन ने जताया शोक
हादसे के बाद प्रशासनिक महकमे में भी हड़कंप मच गया है। जिला प्रशासन ने मृत मजदूरों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है।
यह हादसा एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े करता है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह दुर्घटना तकनीकी खराबी थी या मानवीय लापरवाही का नतीजा।














