---Advertisement---

दिल्ली में भीषण अग्निकांड: 5 मंजिला इमारत में लगी भयानक आग, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत; 2 ने छलांग लगाकर बचाई जान

On: March 18, 2026 3:29 PM
---Advertisement---

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के पालम इलाके स्थित साध नगर में बुधवार सुबह करीब 7 बजे एक रिहायशी पांच मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें तीन नाबालिग लड़कियां भी शामिल हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस (DFS) की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने के लिए करीब 30 दमकल गाड़ियों को लगाया गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।


बताया जा रहा है कि इस इमारत में करीब 22 लोगों का एक संयुक्त परिवार रहता था। इनमें से 10 से 12 लोग गोवा घूमने गए हुए थे, जिससे वे इस हादसे से बच गए। जो सदस्य घर पर मौजूद थे, वही आग की चपेट में आ गए। आग लगते ही घबराए दो लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए इमारत से छलांग लगा दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, इमारत के बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल पर कपड़ों और कॉस्मेटिक की दुकानें संचालित हो रही थीं, जबकि दूसरी और तीसरी मंजिल पर परिवार के लोग रहते थे। आशंका जताई जा रही है कि आग दुकानों वाले हिस्से से शुरू हुई होगी, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

दमकल कर्मियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर करीब 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिनमें तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है।

इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि यह घटना बेहद दुखद और पीड़ादायक है। मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं, ताकि आग लगने के कारणों और किसी भी तरह की लापरवाही की निष्पक्ष जांच की जा सके। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जाए और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जाए।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now