मझिआंव: आरके पब्लिक स्कूल, उंचरी, मझिआंव के प्रांगण में आज एक विशेष सुबह की सभा में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में इंटरनेशनल हिंदी ओलंपियाड के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इस ओलंपियाड का आयोजन पिछले वर्ष सितंबर माह में किया गया था।
विद्यालय की कक्षा 8वीं ‘ए’ की छात्रा निधि प्रिया ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए स्वर्ण पदक और प्रशंसा पत्र प्राप्त किया। उनके साथ ही कक्षा 7वीं ‘ए’ की सिंधु कुमारी, 7वीं ‘बी’ की आस्था निधि और 7वीं ‘बी’ के आदिल खान को भी उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य श्री के.आर. झा ने विजेताओं को गोल्ड मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए। उन्होंने छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्राचार्य ने अन्य छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा, विद्यार्थियों को ऐसी प्रतियोगिताओं में पूरी तैयारी, जोश और उत्साह के साथ भाग लेना चाहिए। यह अनुभव भविष्य में उनके बहुत काम आएगा।’
प्रख्यात शिक्षाविद्, लोकप्रिय सामाजिक कार्यकर्ता और आर.के. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन श्री अलख नाथ पांडेय ने अपने संदेश में सभी सफल छात्रों को बधाई दी। उन्होंने विद्यालय द्वारा ऐसी गतिविधियों के आयोजन की सराहना की और उम्मीद जताई कि इस तरह के सम्मान समारोहों से अन्य छात्रों को भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।
इस अवसर पर श्री राजेश कुमार पांडेय, श्रीमती प्रीति द्विवेदी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी उपस्थित थे।














