किश्तवाड़: जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों की मुहिम लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में बुधवार को किश्तवाड़ जिले में सुरक्षाबलों को एक अहम सफलता हाथ लगी है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान जैश-ए-मोहम्मद संगठन से जुड़े एक आतंकी को मार गिराया गया है। मारा गया आतंकी सैफुल्लाह ग्रुप का सदस्य बताया जा रहा है।
सेना के अधिकारियों के अनुसार, किश्तवाड़ के दुर्गम और बर्फीले इलाकों में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना के बाद तलाशी अभियान तेज किया गया था। इस ऑपरेशन में सेना की CIF डेल्टा यूनिट, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों ने मिलकर ‘त्राशी-I’ नाम से विशेष अभियान चलाया।
शाम को हुआ एनकाउंटर
अधिकारियों ने बताया कि बुधवार शाम करीब 6 बजे किश्तवाड़ के दिछार इलाके में तलाशी के दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभालते हुए एक आतंकी को ढेर कर दिया।
बर्फबारी भी नहीं बनी बाधा
किश्तवाड़ के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी के बीच सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच भीषण गोलीबारी की खबर है। अधिकारियों के मुताबिक, जिस इलाके में ऑपरेशन चल रहा है वहां अब तक दो फीट से अधिक बर्फ जम चुकी है। इसके बावजूद जवान कठिन हालात में आतंकियों की तलाश में जुटे हुए हैं।
जंगलों में छिपे आतंकियों पर शिकंजा
जानकारी के अनुसार, ताजा मुठभेड़ उस समय शुरू हुई जब सेना और पुलिस की संयुक्त टीम चिंगम जंगल के संजीनाला-डिछार क्षेत्र में तलाशी अभियान चला रही थी। आशंका है कि इलाके में अब भी कुछ आतंकी छिपे हो सकते हैं, जिन्हें पकड़ने के लिए ऑपरेशन जारी रखा गया है।
पहले भी हो चुके हैं एनकाउंटर
गौरतलब है कि इसी इलाके में 26 और 31 जनवरी को भी सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हो चुकी है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि सुरक्षाबल आतंकियों के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
इससे पहले उधमपुर में बुधवार को सुरक्षाबलों ने जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकवादियों को मार गिराया। दोनों आतंकवादी गुफा में छिपे हुए थे। इस ऑपरेशन में जैश का टॉप कमांडर रुबानी उर्फ अबू माविया भी मारा गया। वो इलाके में कई साल से सक्रिय था।














