---Advertisement---

गोड्डा: देवर से अवैध संबंध, पति की हत्या के लिए एक लाख की सुपारी… पत्नी ने दी खौफनाक मौत

On: February 15, 2026 9:34 PM
---Advertisement---

गोड्डा: जिले से रिश्तों को शर्मशार कर देने वाला मामला सामने आया है। महागामा थाना क्षेत्र स्थित मांगन पीपरा गांव में हुए पान दुकानदार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। युवक की हत्या पत्नी ने ही देवर के साथ मिलकर करवाई थी। इस मामले में मृतक की पत्नी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य साजिशकर्ता (मृतक का भाई) अब भी फरार है

32 वर्षीय अमित मोदी की 27 और 28 जनवरी 2026 की रात धारदार हथियार से सिर पर हमला कर हत्या कर दी गई थी। अगली सुबह उसका शव गांव के पास एक सुनसान जगह पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटना के बाद महागामा थाना में कांड संख्या 12/26 दर्ज कर पुलिस ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की थी।

जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि अमित की पत्नी सोनी देवी का अपने देवर रोहित मोदी के साथ पिछले करीब पांच वर्षों से संबंध था। दोनों साथ रहना चाहते थे और इसी वजह से अमित को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई। पुलिस के अनुसार रोहित मोदी ने अपने दोस्त मो. शाइन आलम को एक लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी। शाइन आलम ने आगे बिजेंद्र पासवान उर्फ बिदो को 25 हजार रुपये देकर साजिश में शामिल किया।

घटना से लगभग एक सप्ताह पहले आरोपियों ने हत्या के लिए गंडासा खरीदा था। वारदात वाली रात अमित को शराब पिलाने के बहाने घर से बुलाया गया। इसके बाद उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर सिर पर कई वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद सोनी देवी ने मृतक का मोबाइल छिपा लिया था। बाद में गंगा स्नान के दौरान उसने मोबाइल नदी में फेंक दिया ताकि डिजिटल सबूत न मिल सके। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मो. शाइन आलम अमित को उसकी पत्नी के सामने से ही अपने साथ लेकर गया था ताकि किसी को शक न हो।

पुलिस ने अब तक जिन लोगों को गिरफ्तार किया है, उनमें मो. शाइन आलम (25), बिजेंद्र पासवान उर्फ बिदो (35) और मृतक की पत्नी सोनी देवी (30) शामिल हैं। तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मुख्य साजिशकर्ता रोहित मोदी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन और पूछताछ के आधार पर पूरे हत्याकांड की कड़ियां जोड़ी गईं। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल गंडासा, खून से सनी मिट्टी, महुआ शराब की बोतल और मोबाइल बरामद कर ली गई है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now