पटना: दानापुर से एक दर्दनाक खबर आ रही है जहां मकान की छत गिरने से उसमें दबकर पति-पत्नी समेत तीन बच्चों की दर्दनाक मौत की खबर है. इस खबर से हड़कंप मच गया है.
घटना की जानकारी मिलते हैं पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बताया जाता है कि दानापुर विधानसभा अंतर्गत दियारा के अकिलपुर थाना क्षेत्र के मानस नया पानापुर 42 पट्टी में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया.
यहां एक कच्चे मकान की छत अचानक गिर जाने से गृहस्वामी समेत एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.
जानकारी के अनुसार, मानस नयापानापुर 42 पट्टी निवासी क्यामुद्दीन के पुत्र बबलू खान (32) अपने परिवार के साथ इंदिरा आवास योजना के तहत बने मकान में रह रहे थे. रविवार देर रात लगभग पौने दस बजे के करीब मकान का छत अचानक भरभराकर गिर पड़ा. हादसे के वक्त बबलू खान, उनकी पत्नी रौशन खातून (30), पुत्र मो. चांद (10), पुत्री रूकशार (12) और चांदनी (2) घर में सो रहे थे.
छत गिरने की आवाज सुनते ही आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से मलबा हटाने का कार्य शुरू किया गया, लेकिन जब तक सभी को बाहर निकाला गया, तब तक सभी की मौत हो चुकी थी.
पूर्व प्रमुख सी.पी. सिंह ने बताया कि यह मकान इंदिरा आवास योजना के तहत बना हुआ था, जो पुराने और जर्जर स्थिति में था. उन्होंने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए सरकार से मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है.
थानाध्यक्ष विनोद ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अनुमंडल अस्पताल भेजा जा रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. इस हादसे से पूरे इलाके में शोक का माहौल है. गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
बगहा में स्कूल परिसर का छज्जा गिरने से छात्र की मौत
बिहार के बगहा में भी एक ऐसी ही दुखद घटना घट गई है, जिसमें आवासीय विद्यालय परिसर में छज्जा गिरने से एक छात्र की मौत हो गई. हालांकि, जो छज्जा गिरा है उस परिसर को इस्तेमाल नहीं किया जा रहा था लेकिन, भवन के छज्जे के नीचे खेल रहे बच्चों के ऊपर छज्जा गिर गया. छात्र की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया. प्रशासन ने मुआवजा की घोषणा कर जांच का आदेश दिया है. हादसे में दो अन्य घायल छात्रों इलाज चल रहा है.










