PAK vs NAM: पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली है। कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर खेले गए इस अहम मुकाबले में पाकिस्तान ने नामीबिया को एकतरफा अंदाज़ में 102 रनों से मात दी।
फरहान का शतक
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान टीम ने 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 199 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की इस दमदार बल्लेबाजी के हीरो रहे सलामी बल्लेबाज़ साहिबजादा फरहान, जिन्होंने नाबाद 100 रन ठोकते हुए मैच पर पूरी तरह कब्ज़ा जमाया। फरहान ने 58 गेंदों में यह शतक पूरा किया, जिसमें शानदार टाइमिंग और आक्रामक शॉट्स देखने को मिले। कप्तान सलमान आगा ने भी जिम्मेदारी भरी पारी खेली और 23 गेंदों पर 38 रन बनाए। वहीं ऑलराउंडर शादाब खान ने 22 गेंदों में 36 रनों की तेज़ तर्रार पारी खेलकर रन गति को और तेज किया। नामीबिया की ओर से जैक ब्रासेल ने 2 विकेट झटके, जबकि कप्तान गेरहार्ड इरास्मस को एक सफलता मिली।
पाकिस्तानी गेंदबाजों का कहर, नामीबिया 100 से पहले ढेर
200 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की टीम शुरू से ही दबाव में नजर आई। पाकिस्तान के गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ और कसी हुई गेंदबाजी से नामीबियाई बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का कोई मौका नहीं दिया। पूरी टीम 17.3 ओवर में महज 97 रनों पर सिमट गई।
पाकिस्तान के लिए उस्मान तारिक ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। शादाब खान ने ऑलराउंड प्रदर्शन जारी रखते हुए 3 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा मोहम्मद नवाज और सलमान मिर्जा को 1-1 सफलता मिली।
ये टीमें सुपर-8 में पहुंची
इस बड़ी जीत के साथ पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण के लिए क्वालीफाई कर लिया है। कुल 20 टीमों को पांच अलग-अलग ग्रुप में बांटा गया था। हर ग्रुप से दो-दो टीम सुपर-8 के लिए क्वालीफाई कर चुकी है। जिसमें ग्रुप 1 में भारत, साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज है तो ग्रुप 2 में इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका है।














