पलामू: जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र में नकली मोबिल ऑयल के अवैध कारोबार का बड़ा मामला सामने आया है। लेक्सोनस आईडी कंपनी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई संयुक्त छापेमारी में कैस्ट्रोल कंपनी के नाम पर बिक रहे भारी मात्रा में नकली मोबिल ऑयल को जब्त किया गया है। इस कार्रवाई में एक दुकानदार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लेक्सोनस आईडी कंपनी के जांच अधिकारी को सूचना मिली थी कि हैदरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत इस्लामगंज इलाके में कैस्ट्रोल कंपनी का नकली मोबिल ऑयल खुलेआम बेचा जा रहा है। नकली उत्पाद की बिक्री से उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान हो रहा था, वहीं प्रतिष्ठित कंपनी की साख भी प्रभावित हो रही थी।
गुप्त सूचना के सत्यापन के बाद मंगलवार (6 जनवरी 2026) को लेक्सोनस आईडी कंपनी के जांच अधिकारी, हैदरनगर थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल द्वारा संयुक्त रूप से छापेमारी की गई। यह छापेमारी अमन ऑटोमोबाइल गैराज, इस्लामगंज, थाना हैदरनगर, जिला पलामू में की गई।
छापेमारी के दौरान दुकान से कैस्ट्रोल कंपनी का भारी मात्रा में नकली मोबिल ऑयल बरामद किया गया। मौके से कुल 471.900 लीटर नकली मोबिल ऑयल विधिवत रूप से जब्त किया गया।
जब्त सामग्री में Castrol Active Grey Colour (1 लीटर) के 462 पीस, Castrol Power 1 Gold Colour (900 एमएल) के 11 पीस शामिल हैं।
इस मामले में अमन ऑटोमोबाइल गैराज के मालिक खुर्शीद आलम (उम्र 51 वर्ष), पिता- अरशद अली, निवासी ग्राम इस्लामगंज, थाना हैदरनगर, जिला पलामू को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर अवैध तरीके से नकली मोबिल ऑयल का भंडारण एवं बिक्री करने का आरोप है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध हैदरनगर थाना कांड संख्या 02/2026, दिनांक 06.01.2026 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 318(4)/349 (बीएनएस) एवं कॉपीराइट अधिनियम (संशोधित) 1957 की धारा 63/65 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इस छापेमारी दल में हैदरनगर थाना के पुलिस पदाधिकारी, रिजर्व गार्ड तथा लेक्सोनस आईडी कंपनी के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल थे।
प्रशासन और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नकली उत्पादों की बिक्री न केवल उपभोक्ताओं के लिए खतरनाक है, बल्कि यह कानूनन गंभीर अपराध भी है। ऐसे मामलों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उपभोक्ताओं से भी अपील की गई है कि वे किसी भी ब्रांडेड उत्पाद को खरीदते समय उसकी प्रामाणिकता की जांच अवश्य करें।












