---Advertisement---

पलामू: 2 मासूम बच्चों को पुल पर छोड़ महिला ने नदी में लगाई छलांग, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

On: March 11, 2026 3:12 PM
---Advertisement---

पलामू: जिले के मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां पति से विवाद के बाद एक महिला ने आत्महत्या का प्रयास कर लिया। महिला ने शाहपुर स्थित कोयल पुल से नदी में छलांग लगा दी। घटना के समय महिला अपने दो छोटे बच्चों को पुल पर ही छोड़कर कूद गई, जिससे वहां अफरातफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

हालांकि उस समय नदी में पानी कम होने के कारण महिला की जान बच गई, लेकिन गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर शहर थाना क्षेत्र के टाइगर मोबाइल के तीन जवान मौके पर पहुंचे और महिला को नदी से बाहर निकालकर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

घायल महिला की पहचान लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के नावागेठा गांव निवासी शशि राम की पत्नी आरती देवी (25) के रूप में हुई है।

परिजनों के मुताबिक, आरती देवी तीन दिन पहले अपने ससुराल पक्ष के एक रिश्तेदार के यहां आयोजित शादी समारोह में गई थी। उसे उसकी गोतनी साथ लेकर गई थी, लेकिन समारोह खत्म होने के बाद गोतनी उसे वहीं छोड़कर घर लौट आई। इसके बाद आरती अगले दिन जब घर पहुंची तो किसी बात को लेकर उसका अपने पति से विवाद हो गया।

बताया जा रहा है कि इसी बात से वह मानसिक रूप से काफी परेशान थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी तनाव में आकर उसने यह कदम उठाया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद महिला के मायके पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंच गए हैं। आरती का मायका चैनपुर थाना क्षेत्र के गर्दा नेउरा गांव में बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और महिला के होश में आने का इंतजार किया जा रहा है, ताकि घटना के कारणों का स्पष्ट पता चल सके।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now

और पढ़ें