नई दिल्ली: दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) के टर्मिनल-1 पर शुक्रवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसने एयरपोर्ट सुरक्षा और एयरलाइन कर्मचारियों के आचरण पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एयर इंडिया एक्सप्रेस के एक पायलट पर यात्री के साथ कथित तौर पर मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना से जुड़े वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तेजी से सुर्खियों में आ गया।
घटना के शिकार यात्री अंकित दीवान ने आरोप लगाया है कि एयर इंडिया एक्सप्रेस के पायलट कैप्टन वीरेंद्र ने उनके साथ बदसलूकी की और बाद में शारीरिक हमला कर दिया। अंकित का कहना है कि इस हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं और वे खून से लथपथ हो गए।
अंकित ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी चोटों की तस्वीरें और कथित आरोपी पायलट की फोटो साझा करते हुए DGCA, एयर इंडिया और दिल्ली पुलिस को टैग किया है। उन्होंने न्याय की मांग करते हुए लिखा कि इस घटना ने उनकी पूरी यात्रा और छुट्टी को खराब कर दिया।
परिवार पर पड़ा गहरा असर
पीड़ित का कहना है कि इस घटना का मानसिक असर उनके पूरे परिवार पर पड़ा है। उन्होंने बताया कि उनकी 7 साल की बेटी अब भी सदमे में है, जबकि परिवार के अन्य सदस्य भी इस घटना से डरे हुए हैं।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
अंकित के अनुसार, वे अपने परिवार के साथ यात्रा कर रहे थे और उनके साथ 4 महीने का शिशु स्ट्रोलर में था। इसी वजह से एयरपोर्ट स्टाफ ने उन्हें उस सुरक्षा जांच लेन से गुजरने को कहा, जो आमतौर पर स्टाफ के लिए आरक्षित रहती है।
इसी दौरान अंकित ने एक व्यक्ति को लाइन तोड़ते हुए आगे बढ़ते देखा। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो कथित तौर पर वही व्यक्ति, जो बाद में एयर इंडिया एक्सप्रेस का पायलट निकला उनसे बहस करने लगा। अंकित का आरोप है कि पायलट ने उनसे अपमानजनक भाषा में बात की और यह तक कह दिया कि क्या वे पढ़े-लिखे नहीं हैं, क्योंकि वहां “स्टाफ एंट्री” लिखा हुआ था। बहस बढ़ती चली गई और देखते ही देखते मामला हाथापाई में बदल गया।
सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा
घटना के बाद अंकित द्वारा किया गया पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। कई यूजर्स ने एयरलाइन कर्मचारी के व्यवहार की कड़ी निंदा की और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। लोगों ने सवाल उठाया कि अगर एक पायलट सार्वजनिक स्थान पर ऐसा व्यवहार करता है, तो यात्रियों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाएगी।
एयरलाइन ने माफी मांगी
मामले के तूल पकड़ने के बाद एयर इंडिया की ओर से आधिकारिक बयान जारी किया गया। एयरलाइन ने कहा,
‘दिल्ली हवाई अड्डे पर हुई इस घटना पर हमें गहरा खेद है, जिसमें हमारे एक कर्मचारी शामिल थे, जो उस समय किसी अन्य एयरलाइन के यात्री के रूप में यात्रा कर रहे थे। इस तरह के व्यवहार की हम कड़ी निंदा करते हैं। संबंधित कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से आधिकारिक कर्तव्यों से हटा दिया गया है और जांच पूरी होने तक आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।’
एयरलाइन ने यह भी स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने तक सार्वजनिक रूप से अधिक टिप्पणी नहीं की जाएगी, लेकिन कानून प्रवर्तन एजेंसियों को पूरा सहयोग दिया जाएगा।
आरोपी पायलट सस्पेंड, जांच जारी
फिलहाल आरोपी पायलट को जांच पूरी होने तक सस्पेंड कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं। CCTV फुटेज, वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
यह घटना एक बार फिर सार्वजनिक स्थानों पर यात्रियों और एयरलाइन कर्मचारियों के आचरण को लेकर गंभीर चिंता पैदा करती है। अब सभी की नजरें जांच के नतीजों पर टिकी हैं और यह देखा जाना बाकी है कि दोष सिद्ध होने पर आरोपी के खिलाफ क्या सख्त कदम उठाए जाते हैं।














