---Advertisement---

PM मोदी को मिला इथियोपिया का सर्वोच्च सम्मान, यह अवार्ड पाने वाले दुनिया के पहले नेता

On: December 17, 2025 8:24 AM
---Advertisement---

अदीस अबाबा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इथियोपिया की ऐतिहासिक यात्रा के दौरान देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया’ (The Great Honor Nishan of Ethiopia) से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें भारत–इथियोपिया द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने, वैश्विक मंच पर दूरदर्शी नेतृत्व और विकासशील देशों की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए प्रदान किया गया। इथियोपिया के प्रधानमंत्री डॉ. अबी अहमद अली ने विशेष समारोह में स्वयं प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान प्रदान किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16–17 दिसंबर 2025 तक इथियोपिया की पहली द्विपक्षीय यात्रा पर हैं। अदीस इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में इथियोपिया सरकार और समाज के वरिष्ठ प्रतिनिधि उपस्थित रहे। समारोह के दौरान प्रधानमंत्री मोदी यह सम्मान पाने वाले पहले वैश्विक राष्ट्राध्यक्ष बने। इसके साथ ही इथियोपिया उन देशों की सूची में 28वां देश बन गया, जिसने प्रधानमंत्री मोदी को अपने सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान से अलंकृत किया है।

समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इथियोपिया जैसी दुनिया की सबसे प्राचीन सभ्यताओं में से एक से यह सम्मान प्राप्त होना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा, “मैं इस सम्मान को 1.4 अरब भारतीयों की ओर से विनम्रता और कृतज्ञता के साथ स्वीकार करता हूं। यह भारत और इथियोपिया के बीच गहरी मित्रता, साझा मूल्यों और ऐतिहासिक संबंधों का प्रतीक है।”

प्रधानमंत्री मोदी ने इथियोपिया की जनता और प्रधानमंत्री डॉ. अबी अहमद अली के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अबी अहमद के नेतृत्व में राष्ट्रीय एकता, सतत विकास और समावेशी प्रगति को आगे बढ़ाने के लिए किए गए प्रयास न केवल इथियोपिया, बल्कि पूरे अफ्रीकी महाद्वीप के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

इथियोपिया पहुंचने पर मिले आत्मीय स्वागत का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यहां कदम रखते ही उन्हें अपनापन और गर्मजोशी का अनुभव हुआ। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री अबी अहमद अली स्वयं उन्हें हवाई अड्डे पर लेने पहुंचे और बाद में फ्रेंडशिप पार्क तथा विज्ञान संग्रहालय का दौरा कराया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय सहयोग, वैश्विक चुनौतियों और विकास से जुड़े अहम विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और इथियोपिया के संबंध केवल कूटनीतिक नहीं, बल्कि ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और जन–जन के स्तर पर जुड़े हुए हैं। व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, तकनीक और क्षमता निर्माण जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है।

यह सम्मान न केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तिगत नेतृत्व की अंतरराष्ट्रीय स्वीकृति है, बल्कि भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका और अफ्रीकी देशों के साथ गहराते संबंधों का भी प्रतीक है। इथियोपिया की यह यात्रा भारत–अफ्रीका साझेदारी को नई दिशा देने वाली मील का पत्थर मानी जा रही है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now