गढ़वा: जिला मुख्यालय के ग्राम जोबरईया के बंडा पहाड़ स्थित श्री नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर में 8 मार्च 2026 से 16 मार्च 26 तक होने वाले नौ दिवसीय विराट श्री रुद्र महायज्ञ के निमित्त जलयात्रा-सह-नगर भ्रमण कार्यक्रम रविवार (8 मार्च) के दिन रविवार को संपन्न होगा।
जलयात्रा हेतु सभी श्रद्धालुओं को प्रातः 8:15 बजे मंदिर परिसर में उपस्थित होने का आग्रह किया गया है। तत्पश्चात शोभायात्रा के रूप में श्रद्धालुओं का समूह मंदिर परिसर से गढ़वा- मझिआंव मार्ग होते हुए रंका मोड़ से होकर दानरो नदी छठ घाट तक जाएगी तथा वहां से पवित्र जल लेकर पुनः यज्ञशाला परिसर तक पहुंचेगी।
तत्पश्चात कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री माननीय श्री मिथिलेश कुमार ठाकुर जी के कर कमलों से श्रीराम कथा अमृतवर्षा के कथा मंडपम का शुभ उद्घाटन होगा। साथ ही सभी श्रद्धालुओं के बीच महा भंडारा के महाप्रसाद का वितरण भी होगा। संपूर्ण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए महायज्ञ के प्रधान संयोजक एवं जागृति युवा क्लब के संरक्षक, युवा समाजसेवी श्री राकेश पाल जी ने श्री रूद्र महायज्ञ आयोजन समिति के सभी सदस्यों को महायज्ञ हेतु कठिन परिश्रम करने की सराहना की उन्होंने कहा की महायज्ञ के उद्देश्य से भव्य पांच मंजिला यज्ञशाला पूर्णतया तैयार है।
यज्ञशाला की लिपाई- पुताई एवं रंग-रोगन का कार्य क्षेत्र की महिलाओं ने काफी परिश्रम से किया है। महायज्ञ परिसर में आने वाले सभी श्रद्धालुओं हेतु परिसर के संपूर्ण साफ सफाई, महिला शौचालय का निर्माण, भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए पर्याप्त वाहन पार्किंग, तथा मनोरंजन के लिए झूला आदि का इंतजाम किया गया है।
यज्ञाधीश आचार्य श्री श्री आशीष वैद्य जी महाराज जी ने महायज्ञ की संपूर्ण तैयारी पर अपना संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भक्तों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं महायज्ञ आयोजन समिति की ओर से किए गए हैं। महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन संध्या 6:00 से श्री राम कथा का प्रवचन भी होगा। इसके लिए अयोध्या धाम से पधारे हुए कथाव्यास श्री पंकज शांडिल्य जी के द्वारा संगीतमय श्रीराम कथा अमृतवर्षा हेतु कथामंडपम भी पूरी तरह से तैयार है।
यज्ञाधीश महाराज जी ने कहा कि महायज्ञ का कार्य प्रातः 5:00 बजे से भगवान शंकर के रुद्राभिषेक से ही प्रारंभ हो जाएगी। जिसके कारण हवन कुंड में आहुतियां प्रदान करने वाले सभी यजमान समय से मंदिर परिसर में उपस्थित होंगे।
कार्यक्रम के बारे में चर्चा करते हुए जागृति युवा क्लब सह श्री रुद्र महायज्ञ आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री जितेंद्र कुमार पाल ने कहा कि महायज्ञ के बेहतर आयोजन के लिए विभिन्न कार्यों को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से लगभग 25 विभाग बनाए गए हैं। उन सभी विभागों का दायित्व कार्यक्रम प्रमुख ओमप्रकाश पाल और क्लब के उपाध्यक्ष श्री सत्येंद्र पाल के कंधों पर होगी।
ये दोनों पदाधिकारीगण सभी सदस्यों से आवश्यक ताल-मेल बैठाते हुए समग्र कार्यों की निगरानी करेंगे। जल यात्रा के निमित्त अगल-बगल के क्षेत्र में व्यापक प्रचार प्रसार की गई है ताकि सभी श्रद्धालु भक्तजन कार्यक्रम में सम्मिलित हो सकें।














