सिल्ली: रांची जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष डॉ राकेश किरण महतो ने झारखंड सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री इरफान अंसारी से झारखंड मंत्रालय में मिलकर सिल्ली विधानसभा क्षेत्र अन्तर्गत सिल्ली, सोनाहातु एवं राहे प्रखण्ड के कुल 12 ग्रामीण पथों एवं पुलों के निर्माण की मांग की। जिलाध्यक्ष डॉ महतो ने विभागीय मंत्री को अवगत कराया कि पिछले दिनों जिला कमिटी द्वारा तीनों प्रखण्डों में जन सहायता शिविर का आयोजन किया गया था, जिसमें इन जर्जर पथों एवं पुलों के निर्माण कराने का लिखित आग्रह स्थानीय ग्रामीणों के द्वारा किया गया था। इनके निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में हो रही परेशानी से निजात मिलेगा।
जिलाध्यक्ष डॉ महतो की मांग को गम्भीरता से लेते हुए माननीय मंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को सरकार गम्भीरता से लेगी और इन ग्रामीण पथों एवं पुलों के निर्माण को प्राथमिकता के आधार पर करायेगी। माननीय मंत्री ने विभाग के सचिव को निर्देश देते हुए कहा कि इन पथों एवं पुलों के निर्माण हेतु यथाशीघ्र डीपीआर बनाया जाए। जल्द ही,स्थानीय ग्रामीणों की मांग पूरी होगी। जिलाध्यक्ष डॉ महतो ने माननीय मंत्री का इस हेतु आभार जताया।
रांची जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ग्रामीण विकास मंत्री से पुल एवं पथ निर्माण की मांग की










