---Advertisement---

रांची: पैसे को लेकर हुए झगड़े के बाद दोस्त को थार से कुचलकर मार डाला, आरोपी गिरफ्तार

On: February 12, 2026 10:14 PM
---Advertisement---

रांची: राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में बीती रात हुई सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। अमरावती कॉलोनी में गृहप्रवेश समारोह के दौरान थार गाड़ी से लोगों को कुचलने की घटना कोई हादसा नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी अतुल चड्डा उर्फ आयुष कुमार (32) को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी के पास से काले रंग की थार रॉक्स वाहन और सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया है। रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने प्रेस वार्ता में बताया कि प्रारंभिक जांच में यह साफ हो गया है कि घटना पूर्व नियोजित थी।

मृतक धर्मेन्द्र कुमार और आरोपी अतुल के बीच पहले गहरी दोस्ती थी। हालांकि, कुछ पैसों के लेन-देन को लेकर दोनों के संबंधों में खटास आ गई थी। लंबे समय से दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
बताया जा रहा है कि अमरावती कॉलोनी में आयोजित गृहप्रवेश कार्यक्रम में दोनों अपने-अपने दोस्तों के साथ पहुंचे थे। समारोह के दौरान ही दोनों के बीच फिर से कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और तीखी बहस में बदल गई। आरोप है कि बहस के बाद गुस्से में आगबबूला अतुल ने अपनी थार रॉक्स गाड़ी स्टार्ट की और सीधे धर्मेन्द्र कुमार को निशाना बनाते हुए वाहन चढ़ा दिया। इस हमले में धर्मेन्द्र की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के दौरान गाड़ी की चपेट में आकर छह अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के अनुसार, घटना के वक्त वाहन में एक अन्य युवक भी सवार था। उसकी भूमिका की जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर उससे पूछताछ की जाएगी।

नशे में था आरोपी

पुलिस के मुताबिक वारदात के समय अतुल शराब के नशे में था। घटना को अंजाम देने के बाद उसने दोबारा शराब पी थी। गिरफ्तारी के समय वह काफी नशे की हालत में पाया गया। पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया है।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ चुटिया थाना में पहले से कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी छानबीन कर रही है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now