रांची: राजधानी रांची में सोमवार की देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कचहरी चौक के पास एक खौफनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। ट्रांसजेंडर समुदाय के एक सदस्य के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिसमें पीड़ित ट्रांसजेंडर का पैर टूट गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन हालात तब और बिगड़ गए जब आरोपितों ने पुलिस पर ही गाड़ी चढ़ाने की कोशिश कर दी। इस सनसनीखेज घटना में कोतवाली डीएसपी समेत कई पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस को हालात काबू में करने के लिए आखिरकार आत्मरक्षा में फायरिंग करनी पड़ी।
पहले युवक को कुचला, फिर पूरी रात घुमाते रहे शहर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इस्तियाक और गुलफाम नामक दो युवकों पर गंभीर आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपित स्कॉर्पियो वाहन से पहले एक आम युवक को रौंदते हुए आगे बढ़ गए, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही बेहोश हो गया। मानवता को शर्मसार करने वाली बात यह रही कि आरोपितों ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने के बजाय उसे अपनी गाड़ी में डाल लिया और पूरी रात शहर में घुमाते रहे।
इसी दौरान आरोपितों का ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब स्कॉर्पियो को रोकने की कोशिश की, तो आरोपितों ने गाड़ी नहीं रोकी और तेज रफ्तार में फरार होने का प्रयास किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश भी की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को आत्मरक्षा में फायरिंग करनी पड़ी। पुलिस ने कुल 9 राउंड फायरिंग की, जिसमें स्कॉर्पियो के टायर को निशाना बनाया गया।
फायरिंग में एक आरोपित घायल
पुलिस की फायरिंग के दौरान इस्तियाक नामक युवक गोली लगने से घायल हो गया। उसे तुरंत रिम्स (राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज) अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने घटनास्थल से स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया है। वहीं दूसरे आरोपित गुलफाम की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। ट्रांसजेंडर समुदाय से मारपीट, युवक को कुचलने और पुलिस पर जानलेवा हमला जैसे गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया जाएगा। दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।













