रांचीःप्रदेश की राजधानी में अपराधियों का दुस्साहस कायम है। 3 दिनों में दो फायरिंग की घटना से दहशत का माहौल कायम है। खास बात यह है कि फायरिंग के बाद अपराधी पर्चा छोड़कर दहशत को और बढ़ा रहे हैं। इस बार कथित रूप से फायरिंग की जिम्मेवारी पर्चा छोड़ उग्रवादियों ने ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रांची के खलारी थाना क्षेत्र के डकरा कांटा घर में टीएसपीसी उग्रवादियों ने शुक्रवार की सुबह हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी गई। कांटा घर के कर्मचारियों के अनुसार बाइक सवार अपराधी अचानक शुक्रवार की सुबह पहुंचे और हवाई फायरिंग करते हुए, पर्चा फेंक फरार हो गए. फायरिंग के बाद कांटा घर में दहशत फैल गई और कामकाज बंद हो गया.
मामले की जानकारी मिलते ही खलारी पुलिस मौके पर पहुंची. सीसीटीवी जांच के दौरान बाइक सवार अपराधी फायरिंग करते दिखे हैं. फायरिंग की जिम्मेवारी टीएसपीसी संगठन के द्वारा ली गई है.
फायरिंग के बाद टीएसपीसी उग्रवादी संगठन के द्वारा इसकी जिम्मेवारी ली गई है. पर्चे में सुदर्शन जी के नाम से कोयला और ईट कारोबारियों को धमकी दी गई है. उग्रवादी पर्चे में लिखा गया है कि कोई भी अगर संगठन को बिना जानकारी दिए और बिना अनुमति के काम करेगा तो वह अपने जानो माल का खुद जिम्मेवार होगा.
वहीं दूसरी तरफ खलारी पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. खलारी थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो ने बताया कि फायरिंग की घटना की जांच शुरू कर दी गई है. फायरिंग करने वाले अपराधी की तलाश में छापेमारी की जा रही है. आरोपी जल्द पकड़ा जाएगा.
आपको बता दें कि राजधानी रांची में फायरिंग कर दहशत फैलाने की तीन दिनों के भीतर यह दूसरी घटना है. बुधवार को रांची के बीआईटी ओपी क्षेत्र में भी राहुल सिंह गैंग के द्वारा फायरिंग की गई थी. जिसमें कार शो रूम के संचालक को धमकी देते हुए रंगदारी की मांगी की गई थी.









