रांची: गैंगस्टर प्रिंस खान के नेटवर्क के खिलाफ पुलिस की सख्ती जारी है, लेकिन इसके बावजूद रंगदारी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला राजधानी के कांके थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक व्यवसायी को रंगदारी के लिए धमकाया गया है। रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने धमकी भी दी गई है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार भयभीत है।
जानकारी के अनुसार, कांके इलाके में रहने वाले मनोज कुमार के बेटे हर्षित भदानी से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। आरोप है कि हर्षित के मोबाइल फोन पर एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से व्हाट्सएप मैसेज भेजा गया, जिसमें खुद को प्रिंस खान बताया गया। मैसेज में धमकी दी गई कि अगर तय रकम नहीं दी गई, तो अंजाम बेहद खतरनाक होगा। संदेश में यह भी लिखा गया कि रांची में जैसे रेस्टोरेंट में हत्या की गई थी, वैसा ही हाल कर दिया जाएगा।
इस धमकी के बाद कारोबारी मनोज कुमार ने कांके थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मैसेज वास्तव में किस लोकेशन से भेजा गया और इसमें किस गिरोह का हाथ है।













