---Advertisement---

रांची: तेज रफ्तार थार ने 6 लोगों को कुचला, एक की मौत

On: February 12, 2026 12:11 PM
---Advertisement---

रांची: राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार एसयूवी (थार) ने सड़क किनारे खड़े छह लोगों को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में 40 वर्षीय धर्मेंद्र कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, साउथ रेलवे कॉलोनी स्थित दुर्गा मंदिर के पास एक गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित था। कार्यक्रम में शामिल कुछ लोग खाना खाने के बाद सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान रेलवे स्टेशन की ओर से तेज रफ्तार में आ रही थार अनियंत्रित हो गई और सामने खड़े लोगों को कुचलते हुए आगे निकल गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि वाहन की रफ्तार इतनी तेज थी कि किसी को संभलने या बचने का मौका तक नहीं मिला। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

हादसे में गंभीर रूप से घायल धर्मेंद्र कुमार को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। उनका शव पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा गया है। बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र एक निजी कंपनी में मोबाइल टावर लगाने का काम करते थे। उनकी मौत से परिवार में शोक की लहर है।

घटना में रेलवे की टीटी अन्नपूर्णा नायडू (50), उनके पुत्र कुणाल नायडू (26), संदीप महतो (40), अमित सिंह (35) और प्रशांत गौरव घायल हुए हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, दो घायलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

पुलिस ने थार चला रहे व्यक्ति की पहचान कर ली है। उसकी गिरफ्तारी के लिए बुधवार रात से ही संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही चुटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जांच टीम घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे के समय की पूरी तस्वीर सामने आ सके। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे की मुख्य वजह प्रतीत हो रही है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now