रांची: राजधानी रांची के तमाड़ थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। लोधमा गांव में प्रेम प्रसंग के विवाद में एक विवाहित महिला ने अपने पति के साथ मिलकर अपने ही चचेरे देवर की जहर देकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी महिला और उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान शंकर नायक के रूप में हुई है। इस मामले में आरोपी महिला गीता देवी और उसका पति बलदेव मछुवा तमाड़ थाना क्षेत्र के ही निवासी हैं। मृतक के भाई सुकरा नायक की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की।
तमाड़ थाना को 9 फरवरी को सूचना मिली कि एक युवक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने वरीय अधिकारियों को अवगत कराया और टीम को गांव भेजा गया। हालांकि, इससे पहले ही परिजन शंकर नायक को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर ले जा चुके थे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जांच में पता चला कि शंकर नायक के माता-पिता की करीब तीन साल पहले बीमारी के कारण मौत हो गई थी। इसके बाद उसके घर की जिम्मेदारी गीता देवी संभालने लगी। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध बन गया। जब शंकर अपनी शादी के लिए लड़की देखने गया तो गीता देवी ने इसका विरोध किया। वह नहीं चाहती थी कि शंकर शादी कर अलग परिवार बसाए। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद गहराता चला गया।
पुलिस के मुताबिक, नाराजगी इस कदर बढ़ी कि गीता देवी ने अपने पति बलदेव मछुवा के साथ मिलकर शंकर को रास्ते से हटाने की योजना बना ली। तय साजिश के तहत शंकर को चाय में कीटनाशक दवा मिलाकर पिला दी गई। जहर पीने के बाद उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ गई, मुंह से झाग निकलने लगे और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित जांच की। मृतक के भाई की शिकायत और जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी महिला और उसके पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
इस सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चार्जशीट दाखिल की जाएगी।














