कठुआ: जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में शुक्रवार को सुरक्षाबलों ने आतंक के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए जैश-ए-मोहम्मद के कुख्यात पाकिस्तानी आतंकवादी कमांडर उस्मान उर्फ अबू माविया को मुठभेड़ में मार गिराया। इस संयुक्त ऑपरेशन में सुरक्षाबलों ने आतंकवादी के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया है, जिसमें एक अमेरिका मेड अत्याधुनिक M4 ऑटोमैटिक राइफल भी शामिल है।
सेना के राइजिंग स्टार कॉर्प्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी देते हुए बताया कि ‘विशेष खुफिया इनपुट के आधार पर सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कठुआ जिले के परहेतर इलाके में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया था। इलाके की घेराबंदी कर संपर्क स्थापित किया गया, जिसके बाद सटीक और नियंत्रित कार्रवाई में एक विदेशी आतंकवादी को ढेर कर दिया गया। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।’
2021-22 में भारत में घुसपैठ कर हुआ था सक्रिय
जानकारी के अनुसार, मारा गया आतंकवादी उस्मान 2021-22 के दौरान सीमा पार कर भारत में दाखिल हुआ था और पिछले करीब दो वर्षों से सक्रिय था। वह जम्मू डिवीजन के डोडा, उधमपुर और कठुआ जिलों में अपनी गतिविधियों के कारण सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर था। उसे जैश-ए-मोहम्मद के सबसे वांछित आतंकियों में गिना जाता था।
आतंकी की मौजूदगी को लेकर बिलावर पुलिस और खुफिया एजेंसियों को पुख्ता सूचना मिली थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। बताया जा रहा है कि मात्र 10 मिनट के भीतर चले इस ऑपरेशन में सुरक्षाबलों ने उसे मार गिराया।
कई मुठभेड़ों में बच निकला था
अधिकारियों ने बताया कि उस्मान इससे पहले कई मुठभेड़ों में बचकर निकल चुका था। इसी महीने 7 और 13 जनवरी को कहोग और नजोते के जंगलों में हुई मुठभेड़ों के दौरान भी वह फरार होने में सफल रहा था। शुक्रवार को जब संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने एक संदिग्ध घर पर छापा मारा, तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने उसे ढेर कर दिया।














