---Advertisement---

राशन कार्डधारियों जल्द ही चीनी और दाल भी मिलेंगे, झारखंड सरकार तैयार

On: October 14, 2025 8:54 PM
---Advertisement---

रांची: राशन कार्ड धारियों के लिए अच्छी खबर है झारखंड सरकार जल्द ही सरकारी राशन दुकानों में दाल और चीनी उपलब्ध कराएगी। इसके बाद लाभुकों को चना दाल और चीनी मिलना शुरू हो जाएगा।

सूत्रों के मुताबिक प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री दाल वितरण योजना के तहत 2.04 लाख क्विंटल चना दाल खरीदने का निर्णय लिया है। खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने इसके लिए निविदा भी जारी कर दी है।

इस दौरान, प्रति माह 68,000 क्विंटल चना दाल की खरीद की जाएगी, जिसे 25,000 से ज़्यादा सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों के माध्यम से लाभार्थियों को वितरित किया जाएगा।यह योजना पूरी तरह से राज्य सरकार द्वारा प्रबंधित है।

इस योजना के तहत, प्रत्येक लाभार्थी परिवार को हर महीने एक किलोग्राम चना दाल मिलेगी. वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए इस योजना के लिए लगभग ₹300 करोड़ का बजटीय प्रावधान किया गया है।
राज्य में कुल 6,821,143 राशन कार्डधारक परिवार इस योजना से लाभान्वित होंगे. इनमें से 60.06 लाख परिवार राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना (NFSA) के अंतर्गत आते हैं, जबकि 8.15 लाख परिवार झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना (JSFSS) के अंतर्गत आते हैं।

जिलावार आंकड़ों के अनुसार, इस योजना के सबसे अधिक लाभार्थी रांची जिले में होंगे, जहाँ लगभग 59.52 लाख कार्डधारक परिवार हैं. इसके बाद धनबाद (50 लाख), पूर्वी सिंहभूम (47.85 लाख), गिरिडीह (45.99 लाख), पलामू (45.07 लाख) और बोकारो (38.06 लाख) ज़िलों के परिवारों को लाभ मिलेगा. सबसे कम संख्या लोहरदगा ज़िले में है, जहां 11.01 लाख परिवार इस योजना से लाभान्वित होंगे. राज्य सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य ज़रूरतमंद परिवारों को सस्ती और पौष्टिक दालें उपलब्ध कराना है, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की पोषण स्थिति में सुधार हो सके.

केंद्र सरकार की उदासीनता पर मंत्री ने जताई नाराजगी

विभागीय मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने हाल ही में विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक में कहा कि केंद्र सरकार की उदासीनता के कारण दालों की आपूर्ति में देरी हुई है. उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने बार-बार पत्राचार किया, लेकिन केंद्र सरकार ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया. इसके अलावा, केंद्र सरकार ने राज्य का कोटा भी कम कर दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस स्थिति को देखते हुए, झारखंड सरकार ने प्रत्येक लाभार्थी तक समय पर दालों की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए स्वयं दाल खरीद प्रक्रिया शुरू की है.

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।

Join WhatsApp

Join Now