रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट से किया संन्यास का ऐलान, इंग्लैंड दौरे से पहले लिया बड़ा फैसला

---Advertisement---
Rohit Sharma: भारतीय टीम के नियमित कप्तान रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। इससे अब सबसे लंबे प्रारूप में उनके भविष्य को लेकर चल रहीं अटकलों पर विराम लग गया है। इसका अर्थ ये है कि अब वह इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे। रोहित टेस्ट प्रारूप में सफल बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 67 टेस्ट मुकाबलों में 12 शतकों और 18 अर्धशतकों की मदद से 40.57 के औसत से 4301 रन बनाए।
रोहित शर्मा पिछले कुछ समय से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे थे। उनकी कप्तानी में भारत को घर में न्यूजीलैंड के खिलाफ 0-3 से टेस्ट सीरीज गंवानी पड़ी थी। इसके बाद बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में टीम अच्छा नहीं कर पाई और हार मिली। तभी से उनके टीम में बने रहने को लेकर सवाल उठाए जा रहे थे। अब रोहित ने अचानक टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने का फैसला किया है। उन्होंने यह फैसला उस समय लिया है, जब भारतीय टीम आईपीएल 2025 के बाद जून में इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज खेलने के लिए जाएगी।
रोहित शर्मा ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी पोस्ट शेयर की, जिसमें उन्होंने अपनी 280 नंबर की टेस्ट कैप की फोटो पोस्ट की। इसके साथ उन्होंने संन्यास के ऐलान की जानकारी दी। रोहित ने अपनी पोस्ट में लिखा, “मैं आप सबको ये बताना चाहता हूं कि मैं टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले रहा हूं। सफेद कपड़ों में अपने देश का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए बेहद सम्मान की बात रही. इतने सालों तक अपना प्यार और समर्थन देने के लिए धन्यवाद।” टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज रोहित ने हालांकि ये साफ कर दिया कि वो फिलहाल वनडे फॉर्मेट में खेलते रहेंगे। उन्होंने कहा, “मैं ODI फॉर्मेट में भारत का प्रतिनिधित्व करता रहूंगा।”