नई दिल्ली: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर गुरुवार शाम राजधानी दिल्ली पहुंचे। व्लादिमीर पुतिन का स्पेशल विमान दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। उनके स्वागत के लिए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद एयरपोर्ट पर मौजूद थे। मोदी ने प्रोटोकॉल तोड़कर पुतिन का गले मिला कर स्वागत किया। एक ऐसा भावनात्मक और कूटनीतिक संकेत जो इस दौरे को और अधिक खास बना गया। दिल्ली एयरपोर्ट से निकलने के बाद, पुतिन और मोदी एक ही कार में बैठ कर रवाना हुए।
एयरपोर्ट से निकलने के बाद पुतिन डिनर के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के घर जाएंगे। दोनों नेताओं के बीच आमने-सामने की बातचीत लगभग 8.30 तक जारी रहने की उम्मीद है। मीटिंग के बाद, रूसी नेता रात के लिए अपने होटल लौट जाएंगे। पुतिन का शुक्रवार को औपचारिक स्वागत किया जाएगा। इसके बाद 23वीं भारत-रूस शिखर वार्ता होगी। प्रधानमंत्री मोदी हैदराबाद हाउस में पुतिन और उनके प्रतिनिधिमंडल के लिए दोपहर के भोज की भी मेजबानी करेंगे। पुतिन शुक्रवार सुबह राजघाट भी जाएंगे। शिखर वार्ता के बाद पुतिन रूस के सरकारी प्रसारक के भारत चैनल की शुरुआत करेंगे, जिसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उनके सम्मान में राजकीय भोज की मेजबानी करेंगी। लगभग 28 घंटे की यात्रा के बाद पुतिन शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे भारत से प्रस्थान करेंगे।
पुतिन का यह दौरा न सिर्फ औपचारिकता भर नहीं, बल्कि कूटनीतिक, आर्थिक और रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है। मोदी-पुतिन की गर्मजोशी भरी मुलाकात, एयरपोर्ट पर गले मिलना, एक ही कार में जाना इन सभी प्रतीकों से स्पष्ट हुआ कि दोनों देश इस रिश्ते को नई लय और नई दिशा देने के लिए तैयार हैं। आने वाले दो दिनों में होने वाली चर्चाएं, समझौते और घोषणाएं तय करेंगी कि भारत-रूस साझेदारी किस मोड़ पर पहुंच रही है।










