SA vs NZ Semi Final: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने दमदार प्रदर्शन करते हुए साउथ अफ्रीका को एकतरफा मुकाबले में 9 विकेट से हराकर फाइनल का टिकट कटा लिया। ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मुकाबले में कीवी टीम ने गेंदबाजी और बल्लेबाजी में अफ्रीकी टीम को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया। साउथ अफ्रीका ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं गंवाया था, लेकिन सेमीफाइनल में एक बार फिर ‘चोकर्स’ का टैग उससे नहीं छूट सका।
यह दूसरी बार है जब न्यूजीलैंड टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचा है। अब खिताबी मुकाबले में उसका सामना 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा।
टॉस जीतकर न्यूजीलैंड ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। साउथ अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन मध्यक्रम में मार्को यानसेन ने नाबाद 55 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। डेवाल्ड ब्रेविस ने 34, ट्रिस्टन स्टब्स ने 29, एडेन मार्कराम ने 18 रनों का योगदान दिया। अफ्रीकी टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 169 रन ही बना सकी।
न्यूजीलैंड की ओर से गेंदबाजी में मैट हेनरी, कोल मैककॉन्ची और रचिन रविंद्र ने 2-2 विकेट झटके। लॉकी फर्ग्यूसन और जेम्स नीशम में 1-1 विकेट लिए।
फिन एलन का तूफानी शतक
170 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत विस्फोटक रही। ओपनर फिन एलन और टिम साइफर्ट ने पहले विकेट के लिए 117 रन की साझेदारी कर मैच को एकतरफा बना दिया। साइफर्ट ने 33 गेंदों में 58 रन बनाए, लेकिन असली शो एलन ने चुराया। उन्होंने महज 33 गेंदों में नाबाद शतक जड़ दिया, जो टी20 वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे तेज सेंचुरी बन गई। अपनी पारी में एलन ने 8 छक्के और 10 चौके जड़े और अफ्रीकी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। न्यूजीलैंड ने 170 रन का लक्ष्य केवल 12.5 ओवर में हासिल कर लिया और मुकाबला 9 विकेट से अपने नाम किया।
फाइनल की राह
अब न्यूजीलैंड की नजरें खिताब पर टिकी हैं। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले फाइनल में उसका मुकाबला भारत या इंग्लैंड में से किसी एक से होगा। जिस अंदाज में कीवी टीम ने सेमीफाइनल में प्रदर्शन किया है, उससे साफ है कि वह ट्रॉफी जीतने की प्रबल दावेदार बनकर उभरी है।














