---Advertisement---

चाकुलिया फर्जी प्रमाण पत्र मामले में पंचायत सचिव समेत पांच गिरफ्तार,अन्य की तलाश जारी

On: May 7, 2025 3:17 PM
---Advertisement---

जमशेदपुर;चाकुलिया फर्जी प्रमाण पत्र मामले में संलिप्त पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।

इस संदर्भ में एसएसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस अब तक की कार्रवाई के संदर्भ में मीडिया को अवगत कराया।

बताया गया कि पुलिस की कार्रवाई में अबतक पांच अभियुक्त गिरफ्तार हुए हैं।

संलिप्त लोगों के अलावे गलत तरीके अपनाकर प्रमाण पत्र प्राप्त करने वालों पर भी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बता दें कि झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड में बड़े पैमाने पर फर्जी जन्म प्रमाण पत्र घोटाला का पर्दाफाश हुआ है. इस मामले में कार्रवाई भी शुरू हो गयी है. 4281 बर्थ सर्टिफिकेट को रद्द कर दिया गया है. इस मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार किये गये 5 लोगों में एक पंचायत सेवक, 2 प्रज्ञा केंद्र संचालक और 2 दलाल शामिल हैं. इस मामले का मुख्य किंगपिन सोनारी फरार है. वह सोनारी का रहने वाला है. जांच अधिकारियों ने कहा है कि किंगपिन की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में और कई लोगों की संलिप्ता सामने आयेगी.जांच अधिकारियों ने बताया कि पंचायत सचिव सुनील महतो सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है. गिरफ्तार अन्य लोगों में मटियाबांधी और मालकुंडी पंचायत के प्रज्ञा केंद्र संचालक शिवम डे और सपन महतो, बिचौलिया बुंडू का हरीश प्रमाणिक और रांची का आरिफ आलम शामिल है. जन्म प्रमाण पत्र बनाने में इस्तेमाल हुए कंप्यूटर और अन्य उपकरण जब्त कर लिये गये हैं.

4281 फर्जी बर्थ सर्टिफिकेट को रद्द करने का आदेश

इस मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए चाकुलिया प्रखंड से जारी किये गये 4281 फर्जी जन्म प्रमाण पत्रों को रद्द करने का आदेश दिया है. जमशेदपुर में उपायुक्त अनन्य मित्तल एवं एसएसपी किशोर कौशल ने संयुक्त रूप से मंगलवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जांच में यह बात सामने आयी है कि बनाये गये प्रमाण पत्रों में 3874 बहुसंख्यक समुदाय के हैं और 682 प्रमाण पत्र अल्पसंख्यकों के नाम पर बने हैं. इन प्रमाण पत्रों को तुरंत रद्द करने का निर्देश रजिस्ट्रार को दिया गया है.

फर्जी प्रमाण पत्रों की जारी होगी सार्वजनिक सूची

इतना ही नहीं, उन्होंने इन प्रमाण पत्रों की सार्वजनिक सूची जारी करने को कहा है, ताकि अन्य विभाग भी इनकी जांच कर सकें और यह सुनिश्चित किया जा सके कि इनका उपयोग किसी सरकारी योजना का लाभ लेने में तो नहीं हुआ. इस फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाने वाले गिरोह के लोग जमशेदपुर ही नहीं, पूरे झारखंड में फैले हैं. इसलिए जिला प्रशासन ने सभी जिलों के उपायुक्तों को घटना का विवरण साझा करने और आवश्यक बिंदुओं की जानकारी देने का फैसला किया है, ताकि वे भी अपने क्षेत्र से बड़े रैकेट को पकड़ सकें.

फर्जी प्रमाण पत्र का कहां-कहां होता है इस्तेमाल

फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर स्कूल में नामांकन

सरकारी योजना का लाभ लेने

जन्म प्रमाण पत्र के आधार पर पासपोर्ट बनवाने

आधार कार्ड बनवाने

अन्य दस्तावेज बनवाने में

चाकुलिया बीडीओ के आवेदन पर दर्ज हुई शिकायत

संबंधित विभागों और एजेंसियों को फर्जी जन्म प्रमाण पत्र की सूची प्रेषित की गयी है, ताकि यथोचित कार्रवाई की जा सके. साथ ही फर्जी जन्म प्रमाण पत्र की सूची को अखबार के माध्यम से सार्वजनिक भी किया जायेगा. इस तरह के मामले को लेकर सभी 11 प्रखंडों में भी जांच के निर्देश दिये गये हैं. एसएसपी किशोर कौशल ने बताया कि चाकुलिया की बीडीओ आरती मुंडा के लिखित आवेदन पर चाकुलिया थाना में कांड संख्या 32/2 दर्ज किया गया है.

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।

Join WhatsApp

Join Now