---Advertisement---

बांग्लादेशी हिंदू युवक की हत्या पर उबाल, दिल्ली में बांग्लादेश हाई कमीशन के बाहर प्रदर्शन

On: December 23, 2025 3:33 PM
---Advertisement---

नई दिल्ली/ढाका: बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की कथित मॉब लिंचिंग के खिलाफ विश्व हिंदू परिषद (VHP) सहित कई हिंदूवादी संगठनों ने बुधवार को दिल्ली स्थित बांग्लादेश हाई कमीशन के बाहर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचारों को रोकने की मांग कर रहे थे। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरीकेड तोड़ने की कोशिश भी की, जिससे मौके पर मौजूद पुलिस को स्थिति संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।


कड़ी सुरक्षा के बीच प्रदर्शन


दिल्ली पुलिस ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुबह से ही बांग्लादेश हाई कमीशन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। बावजूद इसके, बड़ी संख्या में VHP कार्यकर्ता बैनर-पोस्टर लेकर मौके पर पहुंचे और नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने पड़ोसी देश में अल्पसंख्यक हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।


दीपू चंद्र दास की हत्या का मामला


गौरतलब है कि 18 दिसंबर की रात बांग्लादेश के मैमनसिंह जिले में 27 वर्षीय हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की हत्या कर दी गई थी। शुरुआती तौर पर दावा किया गया था कि दीपू ने फेसबुक पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी की थी, जिसके बाद उग्र भीड़ ने उसे निशाना बनाया। हालांकि, शुरुआती जांच में ऐसे किसी पोस्ट या टिप्पणी का कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया है। इस घटना के बाद भारत में भी विरोध-प्रदर्शन तेज हो गए हैं।


बांग्लादेश ने भारतीय उच्चायुक्त को किया तलब


इस बीच, बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने भारत के उच्चायुक्त प्रणय वर्मा को तलब किया है। यह एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार है जब भारतीय उच्चायुक्त को बुलाया गया है। बांग्लादेश ने भारत में अपने राजनयिक मिशनों खासकर नई दिल्ली और सिलीगुड़ी में हुए हमलों और विरोध-प्रदर्शनों को लेकर गहरी चिंता जताई है।


विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया कि इस तरह की हिंसा और डराने-धमकाने की घटनाएं अस्वीकार्य हैं। इससे न केवल राजनयिक कर्मियों की सुरक्षा को खतरा पैदा होता है, बल्कि आपसी सम्मान, शांति और सहिष्णुता जैसे मूल्यों को भी ठेस पहुंचती है।


प्रणय वर्मा को भारत में स्थित बांग्लादेशी दूतावासों और संबंधित ठिकानों की सुरक्षा स्थिति को लेकर बुलाया गया था। उन्हें निर्देश दिया गया कि सभी राजनयिक मिशनों की सुरक्षा कड़ी की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


रिश्तों पर असर


बांग्लादेशी छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद भारत-विरोधी प्रदर्शनों और फिर दीपू चंद्र दास की मॉब लिंचिंग की घटना ने दोनों देशों के रिश्तों में तनाव बढ़ा दिया है। कूटनीतिक स्तर पर लगातार हो रही बयानबाजी और तलब-तलबी से संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले दिनों में यह मुद्दा दोनों देशों के बीच अहम कूटनीतिक चुनौती बना रह सकता।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now

और पढ़ें