रांची: जिले के रातू थाना क्षेत्र अंतर्गत बसाईर टोली स्थित तिगरा गांव में मंगलवार की रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब गांव के बीच मौजूद एक पुराने कुएं में संदिग्ध वस्तु नजर आई। पास जाकर देखने पर ग्रामीणों के होश उड़ गए, कुएं के पानी में दो शव तैरते हुए मिले।
शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला गया। बाद में उनकी पहचान जरिया बेड़ी गांव निवासी बंधन भगत (उम्र लगभग 50 वर्ष) और पुनई उरांव (उम्र करीब 60 वर्ष) के रूप में हुई।
जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन और आसपास के गांवों के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों के अनुसार, दोनों बुजुर्ग बीते रविवार को तिगरा गांव में आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम ‘लोटा-पानी रस्म’ में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे वापस नहीं लौटे, जिसके बाद से ही दोनों लापता थे। परिजनों द्वारा लगातार खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया।
ग्रामीणों का कहना है कि शव मिलने के बाद तत्काल पुलिस को सूचना नहीं दी गई। इसी बीच परिजन दोनों शवों को अपने गांव जरिया बेड़ी ले गए। बुधवार को जब पूरे मामले की जानकारी रातू थाना पुलिस को मिली, तब पुलिस टीम जरिया बेड़ी पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर थाना लाई।
पुलिस ने मामले में यूडी केस दर्ज कर लिया है और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई।














