रांची: सोनाहातू थाना क्षेत्र एडरमहातु–मार्चाडीह गांव के सामने कांची नदी के किनारे सिर धड़ से अलग पड़ा एक शव मिलने से सनसनी मच गई है। घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।शव को अपने कब्जे में लेकर जांच में जुट गई है। इस जगह ने हत्याकांड से पूरे क्षेत्र में सनसनी मच गई है।शव की हालत बेहद वीभत्स बताई जा रही है, जिससे साफ है कि हत्या काफी बेरहमी से की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान हरिहर महतो के रूप में हुई है। युवक की बेरहमी से हत्या कर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया गया। शव मिलने के बाद गांव से लेकर पुलिस महकमे तक हलचल तेज हो गई है।
मृतक हरिहर महतो, सोनाहातू थाना क्षेत्र के एडरमहातु–मार्चाडीह गांव का रहने वाला था। उम्र करीब 25 साल। परिजन बताते हैं कि हरिहर का गांव की ही एक महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था। यही रिश्ता अब इस खौफनाक हत्या की सबसे बड़ी कड़ी माना जा रहा है।
31 जनवरी की शाम घर से निकला, फिर नहीं लौटा
परिजनों के मुताबिक 31 जनवरी 2026 की शाम करीब 6:30 बजे हरिहर घर से यह कहकर निकला था कि वह थोड़ी देर में लौट आएगा। लेकिन उसके बाद वह घर नहीं पहुंचा। रातभर तलाश की गई, रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों से पूछताछ हुई, मगर कोई सुराग नहीं मिला।
तीन दिन बाद दर्ज हुई गुमशुदगी
जब हर जगह से निराशा हाथ लगी तो 3 फरवरी 2026 को परिजनों ने सोनाहातू थाना में हरिहर की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की ही थी कि इससे पहले ही रविवार को शव मिलने की खबर ने पूरे मामले को सनसनीखेज बना दिया।
दो साल पहले शादी, एक माह का बेटा छोड़ गया पीछे
हरिहर की शादी दो साल पहले हुई थी। उसका एक माह का मासूम बेटा है। इस वारदात के बाद घर में मातम पसरा हुआ है। पत्नी बदहवास है और परिवार के लोग इस बात पर यकीन ही नहीं कर पा रहे कि हरिहर की इतनी बेरहमी से हत्या कर दी गई।
पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा गया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या के तरीके और समय को लेकर कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है।
प्रेम संबंध की कड़ी पर टिकी जांच, पति-पत्नी हिरासत में
इस पूरे मामले में थाना प्रभारी प्रेम प्रदीप ने बताया कि हत्या के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस अब कॉल डिटेल रिकॉर्ड और मोबाइल लोकेशन के जरिए यह जानने की कोशिश कर रही है कि हत्या से पहले हरिहर किसके संपर्क में था और वह आखिरी बार कहां गया था। फिलहाल संदेह के आधार पर एक पति-पत्नी को पुलिस हिरासत में लिया गया है। सूत्रों की मानें तो पूछताछ के दौरान प्रेम प्रसंग और मुलाकात की बात जांच का मुख्य बिंदु बनी हुई है। सोनाहातू पुलिस का दावा है कि बहुत जल्द इस नृशंस हत्या की पूरी कहानी सामने लाई जाएगी।












