Jharkhand Weather: झारखंड में कड़ाके की ठंड का असर लगातार गहराता जा रहा है। तापमान में आई तेज गिरावट ने पूरे राज्य के जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। बुधवार को राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान खूंटी में 2.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि रांची के मैक्लुस्कीगंज में पारा शून्य से नीचे गिरकर माइनस 0.5 डिग्री तक पहुंच गया। यह इस मौसम का अब तक का सबसे ठंडा दिन माना जा रहा है।
राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं रांची के कांके क्षेत्र में यह और भी कम होकर 2.7 डिग्री तक पहुंच गया।
राज्य के विभिन्न जिलों में न्यूनतम तापमान इस प्रकार दर्ज किया गया
लोहरदगा: 3.7 डिग्री
मेदिनीनगर: 4.1 डिग्री
बोकारो: 4.4 डिग्री
सरायकेला: 5.4 डिग्री
सिमडेगा: 5.2 डिग्री
चाईबासा: 5.5 डिग्री
हजारीबाग: 5.5 डिग्री
पाकुड़: 7.4 डिग्री
देवघर: 7.6 डिग्री
जमशेदपुर: 7.7 डिग्री
कोडरमा: 8.2 डिग्री
लातेहार: 8.6 डिग्री
सुबह-सुबह जमी ओस, बर्फ जैसी चादर
कई इलाकों में सुबह के समय खेतों, पुआल, पेड़-पौधों और घरों की छतों पर ओस जमकर बर्फ जैसी परत बन गई। ग्रामीण इलाकों में यह नजारा ज्यादा देखने को मिला, जहां खुले स्थानों पर ठंड का असर अधिक रहा।
अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा
कड़ाके की ठंड के कारण लोग अलाव जलाकर और गर्म कपड़े पहनकर किसी तरह खुद को ठंड से बचाते नजर आए। सुबह और शाम के समय सड़कों पर आवाजाही कम हो गई है। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को ठंड से अधिक परेशानी हो रही है।
ठंड से बढ़े मरीज, अस्पतालों में दबाव
ठंड का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी दिखने लगा है। रांची के रिम्स अस्पताल समेत अन्य सरकारी और निजी अस्पतालों में सर्दी, खांसी, बुखार और सांस संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। डॉक्टरों ने लोगों को सुबह-शाम बाहर निकलने से बचने और गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी है।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट की संभावना है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है। हिमालयी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के कारण उत्तर दिशा से आ रही ठंडी हवाएं अपने साथ नमी और कनकनी ला रही हैं, जिसका असर पूरे झारखंड में महसूस किया जा रहा है।
गुरुवार को रांची सहित छह जिलों (लोहरदगा, गुमला, खूंटी, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम) में शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इन इलाकों में घना कोहरा छाने के साथ-साथ प्रचंड शीतलहर चल सकती है।
सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि वे ठंड के दौरान विशेष सावधानी बरतें, अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें, गर्म कपड़े पहनें और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।












