---Advertisement---

पलामू में इंसानियत शर्मसार: पैसों के लालच में मां ने नाबालिग बेटी की बुजुर्ग से करा दी शादी, आरोपी गिरफ्तार

On: February 3, 2026 9:16 PM
---Advertisement---

पलामू: जिले से एक दिल दहला देने वाला और समाज को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां नावाजयपुर थाना क्षेत्र में पैसों के लालच में एक महिला ने अपनी ही नाबालिग बेटी की शादी एक बुजुर्ग व्यक्ति से करा दी। 

आरोप है कि मां ने बेटी को यह कहकर बहकाया कि उसके पिता की मौत हो चुकी है, जबकि हकीकत यह थी कि पिता जीवित थे और बाहर काम कर रहे थे। इसी झूठ के सहारे अगस्त 2025 में मेदिनीनगर स्थित एक मंदिर में नाबालिग की शादी एक बुजुर्ग से करवा दी गई।


शादी के बाद घर में कैद रखी गई नाबालिग


शादी के बाद नाबालिग को मेदिनीनगर में ही एक घर में रखा गया, जहां उसे बाहर निकलने की इजाजत नहीं थी। आरोप है कि न तो उसे किसी से बात करने दी जाती थी और न ही घर से बाहर जाने दिया जाता था। लगातार मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न के बीच उसे घर में कैद करके रखा गया।


किसी तरह पिता से किया संपर्क, खुला पूरा मामला


काफी प्रयासों के बाद पीड़िता किसी तरह अपने पिता से फोन पर संपर्क करने में सफल रही और पूरी सच्चाई बताई। बेटी की बात सुनते ही पिता तुरंत मेदिनीनगर पहुंचे और जिस घर में नाबालिग को रखा गया था, वहां से उसे अपने साथ ले आए। इस तरह पिता ने अपनी बेटी को इस अवैध और जबरन थोपे गए रिश्ते से बाहर निकाला।


अस्पताल पहुंचने पर हुआ खुलासा


नाबालिग की तबीयत बिगड़ने पर पिता उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जांच के दौरान अस्पताल कर्मियों को मामला संदिग्ध लगा। स्वास्थ्यकर्मियों ने गंभीरता दिखाते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और पिता व नाबालिग से पूछताछ की।


बच्ची को CWC को सौंपा गया


पूछताछ के बाद देर शाम पुलिस ने नाबालिग को बाल कल्याण समिति (CWC) के हवाले कर दिया। फिलहाल बच्ची सुरक्षित है और उसकी देखरेख CWC द्वारा की जा रही है।


पिता ने बताई पूरी आपबीती


पीड़िता के पिता ने पुलिस को बताया कि वह बाहर काम करता है। उसकी पहली पत्नी तीन साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी। बाद में उसने दूसरी शादी कर ली और फिलहाल ससुराल में रह रहा था। नाबालिग बेटी पहली पत्नी से है। कुछ दिन पहले बेटी की मां गांव लौटी और उसे बहला-फुसलाकर बेच दिया। बेटी ने किसी तरह फोन कर पूरी सच्चाई बताई, जिसके बाद वह मेदिनीनगर पहुंचकर उसे छुड़ाकर लाया।


आरोपी गिरफ्तार, गंभीर धाराओं में FIR


पलामू की एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि मामले में शादी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने इस मामले में बाल विवाह निषेध अधिनियम और मानव तस्करी से जुड़े पहलुओं पर भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने साफ किया है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now