SL vs AUS: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के 30वें मुकाबले में सोमवार को क्रिकेट फैंस को एक बड़ा सरप्राइज देखने को मिला। पल्लेकेले में खेले गए इस मुकाबले में श्रीलंका ने दमदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से शिकस्त दे दी। इस जीत के साथ श्रीलंका ग्रुप बी से सुपर-8 में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई, जबकि कंगारू टीम टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर आ गई है।
मार्श और हेड की फिफ्टी के बावजूद लड़खड़ाई ऑस्ट्रेलिया
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 20 ओवर में 181 रन बनाए। ओपनिंग जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। ट्रेविस हेड और कप्तान मिचेल मार्श ने पहले विकेट के लिए 104 रनों की साझेदारी की। हेड ने 56 रन बनाए, वहीं मार्श के बल्ले से 54 रनों की पारी निकली। इसके बाद हालांकि ऑस्ट्रेलिया की पारी लड़खड़ा गई और विकेट तेजी से गिरते चले गए। जॉश इंगलिस ने 27 रन और ग्लेन मैक्सवेल ने 22 रनों का योगदान दिया। श्रीलंका की गेंदबाजी बेहद सधी हुई रही। दुशन हेमंथा ने 27 रन देकर 3 विकेट झटके। दुष्मंथा चमीरा को 2 सफलता मिली, जबकि महीश तीक्षणा, डुनिथ वेललेज और कामिंदु मेंडिस ने 1-1 विकेट चटकाया।
निसांका का तूफानी शतक, श्रीलंका की आसान जीत
लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और कुसल परेरा सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद मैदान पर जो हुआ, उसने मैच की तस्वीर ही बदल दी।
पथुम निसांका ने नाबाद 100 रन की शानदार शतकीय पारी खेलते हुए ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर डाल दिया। उनका साथ कुसल मेंडिस ने बखूबी निभाया, जिन्होंने 38 गेंदों में 51 रन ठोके। इस पारी में उन्होंने 6 चौके और 1 छक्का जड़ा। इसके अलावा पवन रत्ननायके ने 15 गेंदों में 28 रन बनाकर जीत को और आसान बना दिया। श्रीलंका ने 18 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
ऑस्ट्रेलिया पर मंडराया बाहर होने का खतरा
इस हार के साथ ऑस्ट्रेलिया की राह बेहद मुश्किल हो गई है। इससे पहले उसे जिम्बाब्वे के खिलाफ भी हार का सामना करना पड़ा था। अब कंगारू टीम को अपने आखिरी मुकाबले में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी और साथ ही यह दुआ करनी होगी कि जिम्बाब्वे अपने बचे हुए दोनों मैच गंवा दे।
सुपर-8 का समीकरण
इससे पहले सुपर-8 में भारत, साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज और इंग्लैंड की टीमें जगह बना चुकी हैं। अब श्रीलंका की एंट्री ने टूर्नामेंट को और रोमांचक बना दिया है।














